1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. श्रीकांत त्यागी से अपने रिश्तों के सवाल पर बोले स्वामी प्रसाद मौर्य – भाजपा अपना पाप दूसरों पर थोप रही
श्रीकांत त्यागी से अपने रिश्तों के सवाल पर बोले स्वामी प्रसाद मौर्य – भाजपा अपना पाप दूसरों पर थोप रही

श्रीकांत त्यागी से अपने रिश्तों के सवाल पर बोले स्वामी प्रसाद मौर्य – भाजपा अपना पाप दूसरों पर थोप रही

0
Social Share

नई दिल्ली, 9 अगस्त। नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में महिला के साथ बदसलूकी के मामले में फरार चल रहे श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी के बाद जहां सोशल मीडिया पर उसकी कई बड़े राजनेताओं के साथ तस्वीरें वायरल हो रही हैं वहीं समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने त्यागी से अपने रिश्तों पर कहा कि भाजपा अपना पाप दूसरों को मत्थे मढ़ रही है।

गौरतलब है कि त्यागी को उसके तीन साथियों समेत गिरफ्तार कर लिया गया है। पहले उसके भाजपा से जुड़े होने की बात सामने आई, लेकिन पार्टी ने इससे पल्ला झाड़ लिया। बाद में श्रीकांत त्यागी की एक तस्वीर स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ वायरल हुई। इस पर भाजपा ने आरोप लगाया कि त्यागी पूर्व बसपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ ही भाजपा में आया था।

‘त्यागी भारतीय जनता पार्टी में पहले से था’

भाजपा के इस आरोप पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, ‘त्यागी भारतीय जनता पार्टी में पहले से था। जब मैं भाजपा की सरकार में मंत्री था तो मेरे दरवाजे सबके लिए खुले थे। मेरे आवास पर सभी लोग आते थे, उसमें भाजपा के लोग भी शामिल थे। स्वभाविक रूप से एक मंत्री और एक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है कि जो भी उनके पास अपनी समस्या लेकर उनकी बात सुनी जाए।’

त्यागी भाजपा का आदमी नहीं होता तो 4-5 गनर कैसे मिलते

स्वामी प्रसाद ने कहा, ‘मैं सबसे मिलता हूं, यही कारण है कि मेरे घर पर तमाम लोग आते हैं। त्यागी, भाजपा किसान मोर्चे का पदाधिकारी रहा है। कई आपराधिक मामलों में वांछित रहा है। मीडिया के जरिए मालूम हुआ कि जमीन घोटाले में भी उसका नाम है। भाजपा का आदमी नहीं होता तो चार-पांच गनर कैसे मिलते।’

मैंने तो भाजपा में उनको शामिल कराया, जो बसपा छोड़कर आए थे

भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए स्वामी प्रसाद ने कहा, ‘अब भाजपा अपने पाप की चादर को किसी और पर डालने की नापाक कोशिश कर रही है। मैंने तो भाजपा में उनको शामिल कराया, जो बसपा छोड़कर आये थे। श्रीकांत त्यागी तो बसपा में नहीं था, उसे भाजपा में कैसे लेकर जाता? हो सकता है चार-पांच साल पहले कभी उससे मुलाकात हुई होगी!’

महिला से गाली गलौज का वीडियो वायरल होने के बाद सरकार बैकफुट पर आ गई थी

गौरतलब है कि नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में महिला के साथ गाली गलौज का वीडियो वायरल होने के बाद सरकार बैकफुट पर आ गई थी। तुरंत काररवाई करते हुए प्रशासन ने पहले श्रीकांत त्यागी का अवैध निर्माण ध्वस्त किया फिर उसकी गाड़ियां भी जब्त कर लीं। त्यागी को पुलिस ने कॉल डिटेल से मिली लोकेशन के आधार पर मेरठ से गिरफ्तार किया।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code