राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स : भाला प्रक्षेपक सुमित अंतिल व डिस्कस थ्रोवर योगेश कथूनिया ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

बेंगलुरु, 19 अगस्त। श्री कांतीर्वा स्टेडियम में चल रही चौथी इंडियन ओपन राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शुक्रवार को भारतीय एथलीटों ने दो विश्व रिकॉर्ड ध्वस्त किए। इनमें  टोक्यो पैरालंपिक चैंपियन भाला प्रक्षेपक सुमित अंतिल ने जहां अपने ही विश्व कीर्तिमान में सुधार किया वहीं टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीतने वाले चक्का प्रक्षेपक योगेश कथूनिया ने भी नया विश्व रिकॉर्ड बना डाला।

सुमित ने छह प्रयासों के दौरान तीन बार विश्व रिकॉर्ड तोड़ा

सोनीपत के 24 वर्षीय पैरा जेवलिन थ्रोवर सुमित ने अपनी स्पर्धा में भाले को 68.62 मीटर की रिकॉर्ड दूरी तक फेंककर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने एफ64 वर्ग में 68.55 मीटर का पिछला विश्व रिकॉर्ड पिछले वर्ष टोक्यो खेलों में बनाया था। उन्होंने अपने छह प्रयासों के दौरान तीन बार विश्व रिकॉर्ड भी तोड़ा।

दूसरी ओर दिल्ली के 25 वर्षीय योगेश ने F56 वर्ग की चक्का फेंक स्पर्धा में अपने पांचवें प्रयास में 48.34 मीटर का  प्रक्षेप कर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया और स्वर्ण पदक जीता। आठ वर्ष की उम्र में लकवाग्रस्त होने वाले योगेश ने टोक्यो में अपने छठे और अंतिम प्रयास में 44.38 मीटर चक्का फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular