सूडान का सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त, कम से कम 46 लोगों की मौत
ओमडुरमैन (सूडान), 26 फरवरी। सूडान का एक सैन्य विमान देश के देश के दूसरे सबसे अधिक आबादी वाले शहर ओमडुरमैन में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 46 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना पिछले दो दशकों में सूडान में हुई सबसे भीषण विमान दुर्घटनाओं में से एक मानी जा रही है। सेना और स्वास्थ्य अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी है।
सेना ने एक संक्षिप्त बयान में बताया कि ‘एंटोनोव’ विमान मंगलवार को देर रात ओमडुरमैन के उत्तर में वादी सैयदना एयरबेस से उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में सैन्य कर्मियों और आम नागरिकों की मौत हुई है, लेकिन उसने यह नहीं बताया कि कितने लोग मारे गए। वगीं स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुरुआत में मृतकों की संख्या 19 बताई थी।
मृतकों में वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मेजर जनरल बहर अहमद बहर, लेफ्टिनेंट कर्नल अवाद अयूब और विमान चालक दल शामिल थे। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार विमान लाल सागर के शहर पोर्ट सूडान की ओर जा रहा था, तभी यह करारी जिले के अल-थावरा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
सूडान में विमान दुर्घटनाएं
देखा जाए तो सूडान में विमान दुर्घटनाएं आम हो गई हैं क्योंकि विमानन सुरक्षा रिकॉर्ड खराब है। 2020 में एक सैन्य विमान, रूसी एंटोनोव एएन-12, के पश्चिमी क्षेत्र डारफुर में दुर्घटनाग्रस्त होने से लगभग 16 लोग मारे गए थे। 2003 में एक नागरिक सूडान एयरवेज विमान के आपातकालीन लैंडिंग की कोशिश करते समय पहाड़ी की ओर दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम 116 लोग मारे गए थे।
सूडान में हैजा का प्रकोप
गौरतल है कि सूडान हाल के महीनों में हैजे के प्रकोप से भी जूझ रहा है। हैजे के कारण देश में 1,400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि हाल के महीनों में इस प्रकोप ने कई प्रांतों में 1,472 लोगों की जान ले ली है। जुलाई, 2024 से अब तक 56,000 से अधिक लोग हैजा से संक्रमित हो चुके हैं।
