1. Home
  2. कारोबार
  3. शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन मजबूत बढ़त, सेंसेक्स 1205 अंक चढ़ा, निफ्टी 23300 के पार
शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन मजबूत बढ़त, सेंसेक्स 1205 अंक चढ़ा, निफ्टी 23300 के पार

शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन मजबूत बढ़त, सेंसेक्स 1205 अंक चढ़ा, निफ्टी 23300 के पार

0
Social Share

मुंबई, 25 मार्च। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद से कच्चे तेल के दाम में कमी का यह असर ही था कि वैश्विक बाजारों में मजबूती के साथ घरेलू शेयर बाजार भी लगातार दूसरे दिन मजबूत बढ़त हासिल करने में सफल रहे। इस क्रम में कारोबारी सप्ताह के तीसरे दिन बीएसई सेंसेक्स 1205 अंक चढ़ने के साथ जहां 75,300 के करीब जा पहुंचा वहीं एनएसई निफ्टी 394 अंकों की बढ़त से 23,300 के पार जाकर रुका।

सेंसेक्स 1.63 प्रतिशत बढ़कर 75,273.45 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,205 अंक यानी 1.63 प्रतिशत बढ़कर 75,273.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,781.31 अंक चढ़कर 75,849.76 अंक पर पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 26 के शेयर लाभ में रहे और चार में कमजोरी दिखी।

निफ्टी 394.05 अंकों की मजबूती से 23,306.45 पर बंद

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 394.05 अंक यानी 1.72 प्रतिशत बढ़कर 23,306.45 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 46 के शेयर हरे निशान पर रुके और चार में गिरावट दर्ज की गई। व्यापक बाजार में छोटी कम्पनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 3.05 प्रतिशत चढ़ गया जबकि मझोली कम्पनियों का मिडकैप 2.50 प्रतिशत ऊपर रहा।

निवेशकों की पूंजी में 8 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि

बीएसई पर लिस्टेड शेयरों का कुल मार्केट कैप एक सत्र में बढ़कर 4,31,01,834.74 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यह एक दिन पहले 23 मार्च को 423 लाख करोड़ रुपये था। यानी निवेशकों की संपत्ति में करीब 7.62 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई। कुल मिलाकर देखें तो दो सत्रों की तेजी से निवेशकों की संपत्ति 15.80 लाख करोड़ रुपये बढ़ी।

अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर सर्वाधिक 4.39 फीसदी चढ़े

सेंसेक्स समूह की कम्पनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर सर्वाधिक 4.39 फीसदी चढ़े। बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, टाइटन, इंटरग्लोब एविएशन और ट्रेंट भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। इसके विपरीत नुकसान में रहने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, पावर ग्रिड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं।

एफआईआई ने 8,009.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 8,009.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,867.15 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। दूसरी तरफ वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 5.07 प्रतिशत टूटकर 99.19 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

रामनवमी के अवसर पर गुरुवार को शेयर बाजार बंद

इस बीच गुरुवार (26 मार्च) को रामनवमी की छुट्टी के कारण भारतीय शेयर बाजार में बंदी रहेगी। यानी NSE और BSE में कोई कारोबार नहीं होगा। इसी क्रम में अगले हफ्ते भी शेयर बाजर दो दिन बंद रहने वाला है। मंगलवार 31 मार्च को महावीर जयंती और शुक्रवार तीन अप्रैल को गुड फ्राइडे के कारण बंदी रहेगी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code