दिल्ली-NCR सहित उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके, अफगानिस्तान का हिंदुकुश क्षेत्र था भूकंप का केंद्र

नई दिल्ली, 27 जून। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) और जम्मू-कश्मीर सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में शनिवार की शाम भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। नेशनल जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के अनुसार भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदुकुश में धरती की तरह से 215 किलोमीटर की गहराई में था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.2 मापी गई है। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि घरों और ऑफिस में बैठे लोग बाहर की ओर दौड़ पड़े। हालांकि इसमें जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी गई

नेशनल जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के अनुसार शनिवार शाम 7.04 बजे आए इस भूकंप का केंद्र धरती की सतह से काफी ज्यादा गहराई में था। इसके झटके कई देशों में महसूस हुए। अफगानिस्तान के अलावा पाकिस्तान, भारत, चीन, तजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और तुर्कमेनिस्तान में इसका असर देखा गया। वहीं भारत में दिल्ली के अलावा जम्मू-कशमीर समेत उत्तर भारत के कुछ अन्य राज्यों में भी भूकंप के तेज झटके महसूस हुए।

विशेषज्ञों के अनुसार भूकंप का केंद्र जितनी ज्यादा गहराई में होता है, उतने ही व्यापक तौर पर इसका असर देखा जाता है। हालांकि इससे नुकसान होने की संभावना कम होती है। सोशल मीडिया पर लोग दिल्ली और श्रीनगर समेत भारत के कई हिस्सों में झटके महसूस होने की बात कह रहे हैं।

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में 5 बार भूकंप

इससे पहले पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में शुक्रवार से अब तक मध्यम तीव्रता वाले कम से कम पांच भूकंप आ चुके हैं। शनिवार सुबह आए भूकंप के झटकों से बरखान और आसपास के क्षेत्र प्रभावित हुए।

अधिकारियों के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर 4.3 से 5.2 की तीव्रता वाले इन भूकंपों में पांच लोग घायल हुए हैं और कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के मुख्य मौसम विज्ञानी अमीर हैदर लेघारी ने बताया कि ये भूकंप एक भ्रंश रेखा पर आए और संभव है कि इनका संबंध दुनिया के विभिन्न हिस्सों में आए बड़े भूकंपों से हो।

वेनेजुएला भूकंप त्रासदी में अब तक 920 लोगों की मौत

उधर वेनेजुएला में 25 जून को तड़के आए 7.2 व 7.5 तीव्रता के दो भयावह भूकंप से अब तक 920 लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग पांच हजार लोग घायल हैं। 51,000 से ज़्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। भूकंप से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। भारत व अमेरिका सहित दुनिया के कई देशों ने वेनेजुएला की मदद को हाथ बढ़ाए हैं और चिकित्सा व राहत सामग्री भेजी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular