1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. राजस्थान : करौली में नव संवत्सर पर निकली बाइक रैली पर पथराव, आगजनी के बाद कर्फ्यू लागू, इंटरनेट बंद
राजस्थान : करौली में नव संवत्सर पर निकली बाइक रैली पर पथराव, आगजनी के बाद कर्फ्यू लागू, इंटरनेट बंद

राजस्थान : करौली में नव संवत्सर पर निकली बाइक रैली पर पथराव, आगजनी के बाद कर्फ्यू लागू, इंटरनेट बंद

0
Social Share

करौली, 2 अप्रैल। राजस्थान के करौली में शनिवार को हिन्दू नव संवत्सर पर निकाली जा रही बाइक रैली पर पथराव के बाद उपद्रवियों ने एक दर्जन से ज्यादा दुकानों और तीन बाइकों को आग के हवाले कर दिया। बिगड़ते हालात को देखते हुए शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर फैल रहीं अफवाहों को रोकने के लिए प्रशासन ने शहर में इंटरनेट सेवा अगले आदेश तक बंद कर दी है।

उपद्रव में पुलिसकर्मियों सहित 43 लोग घायल, एक गंभीर

प्राप्त जानकारी के अनुसार उपद्रव में पुलिसकर्मियों सहित 43 लोगों के घायल होने की खबर है जबकि पुष्पेंद्र नाम के व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे जयपुर रेफर कर दिया गया है। अस्पताल पहुंचे घायलों के शरीर पर चाकू के निशान हैं। हालांकि डॉक्टर अभी कुछ भी बताने से इनकार कर रहे हैं।

इधर माहौल बिगड़ते ही बाइक रैली रद कर दी गई। आगजनी से लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है। करौली में बिगड़ते हालात को देखते हुए आईजी और विधायक लखन सिंह भी जयपुर से करौली पहुंच गए हैं। कलेक्टर डॉ. मोहन लाल यादव और एसपी शैलेंद्र सिंह इंदौलिया मौके पर मौजूद हैं। बिगड़ते हालात को काबू में करने का प्रयास किए जा रहे हैं। घटना स्थल के साथ संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।

सीएम गहलोत ने उपद्रवियों से सख्ती से निबटने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डीजी पुलिस से बात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को हर उपद्रवी से सख्ती से निबटने के निर्देश दिए हैं। गहलोत ने लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाने रखने की अपील भी की है।

बड़ी संख्या में अफसर और पुलिसकर्मी तैनात

करौली में बिगड़े हालात काबू में करने के लिए प्रशासन की ओर से 50 पुलिस अधिकारी और 600 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। एडीजी संजीब नार्झरी, डीआईजी राहुल प्रकाश और एसपी मृदुल कछवाहा, आईजी भरतपुर प्रफुल कुमार खमेसरा और आईजी कानून व्यवस्था भरत मीणा मौके पर मौजूद हैं और हालात जल्द से जल्द काबू करने का प्रयास कर रहे हैं। अतिरिक्त महानिदेशक कानून व्यवस्था हवा सिंह घुमरिया ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। घुमरिया ने बताया कि अब तक हिंसा में शामिल करीब 30 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।

आसमाजिक तत्वों के सामने पुलिस अफसल : राजेंद्र राठौर

उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौर ने कहा कि बाइक रैली पर असामाजिक तत्वों द्वारा किया गया पथराव और आगजनी की घटना पुलिस की अदूरदर्शिता और अकर्मण्यता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को रैली की जानकारी पहले से ही थी तो असामाजिक तत्वों को एकत्रित ही क्यों होने दिया गया? असामाजिक तत्वों के सामने पुलिस असफल हो गई है। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली इस घटना को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त काररवाई होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की है।

अपराधियों की जल्द से जल्द हो गिरफ्तारी : सतीश पूनियां

उधर भापजा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कि  बाइक रैली पर समाज कंटकों द्वारा किए गए पूर्व नियोजित पथराव और आगज़नी की घटना से भारी जन आक्रोश है। ऐसी घटनाओं की जिम्मेदारी कांग्रेस सरकार की तुष्टिकरण की नीति है। अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी और उन पर सख्त काररवाई की जाए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अपराधियों को कांग्रेस सरकार का संरक्षण मिला हुआ है।

केंद्रीय मंत्री शेखावत बोले – रैली निकालना कैसे अप्रिय हो सकता है

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि हिन्दू नव वर्ष पर रैली निकालना किसी के लिए अप्रिय कैसे हो सकता है? करौली में हिन्दू संगठनों पर पथराव इस महादिवस की पवित्रता भंग करने का षड्यंत्र है। इसके पीछे नफरत की भावना भड़काने वाले हैं। वातावरण दूषित करने वाले तत्वों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। कांग्रेस की तुष्टिकरण नीति हिन्दुओं के हर्षोल्लास पर पथराव साबित हो रही।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code