शेयर बाजार में जोरदार उछाल, सेंसेक्स 776 अंक चढ़ा, निफ्टी 24000 के निकट
मुंबई, 27 जुलाई। लगतार पांच सत्रों तक बड़ी गिरावट के बीच पिछले कारोबारी हफ्ते का समापन देखने वाले घरेलू शेयर बाजार ने नए सप्ताह का जोरदार स्वागत किया और कच्चे तेल के दाम में आई तेज गिरावट से सोमवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लगभग एक फीसदी की अच्छी बढ़त लेकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स जहां 776 अंक उछला वहीं एनएसई निफ्टी 228 अंकों की मजबूती से 24,000 के निकट जा पहुंचा।
सेंसेक्स 1.02 प्रतिशत की बढ़त लेकर 76,835.78 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 776.01 अंक यानी 1.02 प्रतिशत की बढ़त लेकर 76,835.78 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ने एक समय 841.74 अंक चढ़कर 76,901.51 पर दिन का उच्चतम स्तर देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 28 के शेयर हरे निशान पर रुके तो सिर्फ दो में कमजोरी रही।
निफ्टी 228.50 अंकों की तेजी से 23,995.95 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 228.50 अंक यानी 0.96 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,995.95 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 44 के स्टॉक मजबूत हुए तो छह में गिरावट दर्ज की गई।
व्यापक बाजार में छोटी कम्पनियों का प्रतिनिधित्व करने वाले बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स 1.71 प्रतिशत और मझोली कम्पनियों से संबंधित बीएसई मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स 1.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।
निवेशकों की पूंजी में 5.10 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी
चौतरफा लिवाली से निवेशकों की पूंजी में करीब 5.10 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई। दरअसल, बीएसई पर सूचीबद्ध कम्पनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 5,10,561.8 करोड़ रुपये बढ़कर 4,80,80,037.04 करोड़ रुपये (करीब पांच लाख करोड़ डॉलर) हो गया।
इटर्नल का शेयर सबसे अधिक 5.63% चढ़ा
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इटर्नल का शेयर सबसे अधिक 5.63 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा इंटरग्लोब एविएशन, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में भी अच्छी तेजी रही। दूसरी तरफ एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड और एक्सिस बैंक के शेयर नुकसान में रहे।
ब्रेंट क्रूड की कीमत 9.40% टूटकर 87.64 डॉलर प्रति बैरल
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 9.40 प्रतिशत टूटकर 87.64 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 3,892.77 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।
