नए वित्तीय वर्ष के पहले दिन चहका शेयर बाजार, सेंसेक्स 1187 अंक चढ़ा, निफ्टी 348 अंक मजबूत
मुंबई, 1 अप्रैल। पश्चिम एशिया में गहराए संकट के बीच पिछले वित्तीय वर्ष के अंतिम कारोबारी सत्र (सोमवार) में भारतीय शेयर बाजार ने जहां बड़ी गिरावट देखी थी वहीं नए वित्तीय वर्ष (2026-27) के पहले दिन बुधवार को चौतरफा हरियाली नजर आई।
दरअसल, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद से वैश्विक बाजारों में तेजी के साथ दोनों बेंचमार्क इंडेक्स मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने भी बाजार की धारणा को मजबूती दी। इस क्रम में बीएसई सेंसक्स 1,187 अंक चढ़कर जहां 73,000 के पार चला गया वहीं एनएसई निफ्टी ने 348 अंकों की मजबूती हासिल की।
सेंसेक्स 1.65 प्रतिशत बढ़कर 73,134.32 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,186.77 अंक यानी 1.65 प्रतिशत बढ़कर 73,134.32 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय इसमें 2,017.03 अंकों की तेजी दर्ज की गई और यह 73,964.58 अंक पर पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 25 के स्टॉक हरे निशान पर रुके और पांच में कमजोरी रही।
निफ्टी 1.56 प्रतिशत चढ़कर 22,679.40 अंक पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 348 अंक यानी 1.56 प्रतिशत चढ़कर 22,679.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सूचकांक 609.90 अंकों की तेजी से 22,941.30 अंक तक जा पहुंचा था। लेकिन अंतिम घंटों में बढ़त कमजोर हुई। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 39 के शेयर मजबूत रहे और 11 में गिरावट दर्ज की गई। व्यापक बाजार में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 2.2% की बढ़त दर्ज की गई जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 3.3% तक चढ़ा। सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए।
निवेशकों ने 9.82 लाख करोड़ रुपये कमाए
बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन एक सत्र में बढ़कर 422.23 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले कारोबारी दिन 412.41 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस प्रकार BSE में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप करीब 9.82 लाख करोड़ रुपये बढ़ा। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 9.82 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई।
ट्रेंट के शेयर सबसे ज्यादा 6.74 फीसदी लाभ में रहे
सेंसेक्स समूह की कम्पनियों में ट्रेंट के शेयर सबसे ज्यादा 6.74 फीसदी लाभ में रहे। इंटरग्लोब एविएशन, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारतीय स्टेट बैंक और इटर्नल भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में एनटीपीसी, सन फार्मा, पावर ग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट और भारती एयरटेल शामिल हैं।
डीआईआई ने 14,894.72 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे
शेयर बाजार आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 11,163.06 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 14,894.72 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.22 प्रतिशत टूटकर 103.7 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
