कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से शेयर बाजार में सुस्ती, सेंसेक्स 417 अंक लुढ़का, निफ्टी 97 अंक कमजोर
मुंबई, 28 अप्रैल। वैश्विक अनिश्चितता के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के चलते मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 417 अंक लुढ़क गया जबकि एनएसई निफ्टी में 97 अंकों की कमजोरी रही।
सेंसेक्स 0.54 प्रतिशत गिरकर 76,886.91 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 416.72 अंक यानी 0.54 प्रतिशत गिरकर 76,886.91 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 562.57 अंक तक लुढ़ककर 76,741.06 तक जा गिरा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 19 के स्टॉक कमजोर रहे और 11 ने मजबूती पकड़ी।
निफ्टी 0.40 प्रतिशत गिरकर 23,995.70 अंक पर बंद
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 97 अंक यानी 0.40 प्रतिशत गिरकर 23,995.70 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 18 के शेयर लाभ में रहे और 32 में गिरावट दर्ज की गई।
एक्सिस बैंक का स्टॉक सबसे ज्यादा 2.65 फीसदी गिरा
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से एक्सिस बैंक का स्टॉक सबसे ज्यादा 2.65 फीसदी गिरा। एचसीएल टेक, इंटरग्लोब एविएशन, मारुति सुजुकी, भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से गिरावट के साथ बंद हुए। इसके विपरीत, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, टेक महिंद्रा और सन फार्मा के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।
एफआईआई ने 1,151.48 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,151.48 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड करीब 2.97 प्रतिशत उछलकर 111.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
