अमेरिका-ईरान सीजफायर के बाद शेयर बाजार ने लगाई दहाड़, सेंसेक्स 2946 अंक चढ़ा, निफ्टी 24000 के करीब
मुंबई, 8 अप्रैल। अमेरिका बनाम ईरान जंग में दो हफ्तों के सीजफायर की सहमति से वैश्विक बाजारों में तेजी और कच्चे तेल के दाम में नरमी का यह असर रहा कि भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को जबर्दस्त दहाड़ लगा दी। लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में हरियाली के बीच बीएसई सेंसेक्स 2,946 अंकों की छलांग लगाने के साथ जहां 77,500 के पार चला गया वहीं एनएसई निफ्टी 874 अंकों की मजबूती से 24,000 के निकट जा पहुंचा।
सेंसेक्स 3.95 प्रतिशत बढ़कर 77,562.90 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 2,946.32 अंक यानी 3.95 प्रतिशत बढ़कर 77,562.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय सूचकांक ने 3,018.96 अंक चढ़कर 77,635.54 का ऊपरी स्तर देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 27 के स्टाक मजबूत रहे और सिर्फ तीन में कमजोरी दिखी।
निफ्टी 873.70 अंकों की बढ़त से 23,997.35 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 873.70 अंक यानी 3.78 प्रतिशत बढ़कर 23,997.35 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 901.5 अंक चढ़कर 24,025.15 अंक पर पहुंच गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 41 के स्टॉक चढ़कर बंद हुए और नौ में गिरावट दर्ज की गई।
निवेशकों की पूंजी में 16.33 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी
बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन एक ही सत्र में बढ़कर 445.59 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले कारोबारी दिन 429.26 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस प्रकार बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप करीब 16.33 लाख करोड़ रुपये बढ़ा। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की पूंजी में करीब 16.33 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इंटरग्लोब एविएशन के स्टॉक में सर्वाधिक 8.16% की वृद्धि
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इंटरग्लोब एविएशन के स्टॉक में सबसे अधिक 8.16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक और मारुति भी प्रमुख रूप से लाभ कमाने वाले शेयरों में शामिल थीं। दूसरी तरफ, टेक महिंद्रा, सन फार्मा और पावर ग्रिड में गिरावट रही।
डीआईआई ने 7,979.50 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 8,692.11 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 7,979.50 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 13.89 प्रतिशत टूटकर 94.09 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
