निचले स्तर पर लिवाली से शेयर बाजार में लौटी तेजी, सेंसेक्स 315 अंक चढ़ा, निफ्टी 77 अंक मजबूत

मुंबई, 25 सितम्बर। वैश्विक स्तर पर अस्थिरता के बीच  भारतीय शेयर बाजार में भी उठापटक का दौर लगातार जारी है। इस कड़ी में 24 घंटे पूर्व बड़ी गिरावट देखने के बाद कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को बैंकिंग, तेल एवं गैस तथा वाहन कम्पनियों में निचले स्तर पर लिवाली से दोनों मानक सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स जहां 315 अंक चढ़ा वहीं निफ्टी 77 अंकों की मजबूती के साथ ठहरा।

सेंसेक्स 315.20 अंकों की बढ़त से 73,895.74 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 315.20 अंक यानी 0.43 प्रतिशत बढ़कर 73,895.74 अंक पर बंद हुआ, जो पिछले सत्र में बड़ी गिरावट के साथ तीन महीने से अधिक के निचले स्तर पर आ गया था। कारोबार के दौरान सूचकांक ने 73,968.05 अंक का ऊपरी और 73,477.77 अंक का निचला स्तर देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 19 के स्तर बढ़त पर रहे तो 11 में कमजोरी रही।

निफ्टी 77.40 अंक बढ़कर 23,140.50 पर बंद

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 77.40 अंक यानी 0.34 प्रतिशत बढ़कर 23,140.50 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 34 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 15 में गिरावट दर्ज की गई। एक का भाव स्थिर रहा।

व्यापक बाजार में छोटी कम्पनियों का बीएसई स्मालकैप सचूकांक 0.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ जबकि मझोली कम्पनियों के मिडकैप सूचकांक में 0.62 प्रतिशत की गिरावट रही।

सेक्टोरल इंडेक्स पर एक नजर

सेक्टोरल इंडेक्स देखें तो टिकाऊ उपभोक्ता खंड 1.14 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ जबकि वाहन खंड में 0.95 प्रतिशत, रियल्टी खंड में 0.65 प्रतिशत और बिजली खंड में 0.53 प्रतिशत तेजी रही। अस्पताल, दूरसंचार, तेल एवं गैस और आवासीय वित्त खंड नुकसान में रहे।

एक्सिस बैंक का शेयर सर्वाधिक 2.82 प्रतिशत चढ़ा

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से एक्सिस बैंक का शेयर सबसे अधिक 2.82 प्रतिशत चढ़ा। महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.24 प्रतिशत, एशियन पेंट्स में 1.93 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस में 1.21 प्रतिशत, एचसीएल टेक में 1.17 प्रतिशत और टाइटन में 1.01 प्रतिशत की बढ़त रही। दूसरी तरफ, ट्रेंट का शेयर 1.41 प्रतिशत गिरा। इन्फोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा स्टील भी गिरावट वाले प्रमुख शेयरों में रहे।

एफआईआई ने 5,027.36 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 5,027.36 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी। उधर, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.10 प्रतिशत टूटकर 105.4 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular