कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शेयर बाजार लगभग सपाट बंद, निफ्टी 20 अंक मजबूत

मुंबई, 21 अगस्त। लगातार एक हफ्ते तक जारी लड़खड़ाहट के बाद गुरुवार को अच्छी तेजी देखने वाला घरेलू शेयर बाजार फिर मंद पड़ा और कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को दोनों मानक सूचकांक लगभग सपाट बंद हुए। सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव के बीच बीएसई सेंसेक्स ने तीन अंकों की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जबकि एनएसई निफ्टी 20 अंक चढ़ा।

बाजार विश्लेषकों के अनुसार वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख, अमेरिकी बॉण्ड पर प्रतिफल के दोबारा बढ़ने और कच्चे तेल की लगातार ऊंची कीमतों ने निवेशकों को बाजार में आक्रामक रुख अपनाने से रोकने का काम किया।

सेंसेक्स 3.11 अंकों की मामूली बढ़त से 77,540.83 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 3.11 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 77,540.83 अंक पर बंद हुआ। हालांकि कारोबार के दौरान इसमें 279.81 अंकों का उतार-चढ़ाव रहा और यह 77,725.67 के ऊंचे व 77,445.86 के निचले स्तर तक गया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 13 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 16 में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 20.15 अंक चढ़कर 24,252 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 20.15 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,252 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 25 के स्टॉक मजबूत हुए तो 24 में कमजोरी रही।

पावर ग्रिड के शेयर सबसे ज्यादा 2.66 फीसदी चढ़े

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में पावर ग्रिड के शेयर सबसे ज्यादा 2.66 फीसदी चढ़े। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, कोटक महिंद्रा बैंक, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व और एशियन पेंट्स के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, ट्रेंट, मारुति, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) और एचसीएल टेक में गिरावट रही।

ब्रेंट क्रूड 0.06% बढ़कर 93.84 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा

इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.06 प्रतिशत बढ़कर 93.84 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 583.36 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular