यूपी चुनाव : सपा के घोषणा पत्र में भी वादों की झड़ी, 2027 तक राज्य को करेंगे 100 फीसदी साक्षर

लखनऊ, 8 फरवरी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तहत पहले चरण की वोटिंग से पहले चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को पूर्वाह्न जहां भारतीय जनता पार्टी ने संकल्प पत्र के नाम से अपना घोषणा पत्र जारी किया वहीं कुछ घंटे बाद समाजवादी पार्टी का भी 88 पृष्ठों का घोषणा पत्र सामने आ गया।

अखिलेश बोले – सत्य वचन और अटूट वादे के साथ प्रदेश की जनता के बीच जाएंगे

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यहां सपा के प्रदेश के कार्यायल में मीडिया के सामने पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया, जिसे ‘सत्य वचन – अटूट वादा’ नाम दिया गया है। अखिलेश ने इस दौरान कहा, “हम सत्य वचन और अटूट वादे’ के साथ प्रदेश की जनता के बीच जाएंगे और वर्ष 2012 की ही भांति किए गए अपने सभी वादे पूरे करेंगे।”

सपा का विस्तृत घोषणा पत्र देखने के लिए यहां क्लिक करें 

भाजपा की ही भांति सपा के घोषणा पत्र में भी वादों की झड़ी देखने को मिली। इस घोषणा पत्र की सबसे अहम बात यह भी है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश को वर्ष 2027 तक 100 फीसदी साक्षर प्रदेश बनाने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही पार्टी ने सरकार बनने की स्थिति में राज्य में संविदा भर्ती खत्म करने का वादा किया है।

सपा के घोषणा पत्र में उल्लिखित खास बातें –

  • शिक्षा विभाग में खाली सभी पद एक वर्ष में भरेंगे।
  • शिक्षा मित्र का मानदेय बढ़ाएंगे। तीन वर्ष में उन्हें नियमित किया जाएगा।
  • संविदा भर्ती खत्म होगी।
  • वित्तविहीन शिक्षक को 5000 रुपये महीने मानदेय।
  • 5000 रुपये तक का स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड जारी होगा।
  • अंग्रेजी शिक्षा संग स्थानीय भाषा मे पढ़ाई।
  • 2027 में यूपी को 100% साक्षर करेंगे।
  • हर मंडल में सैनिक स्कूल।

2027 तक एक करोड़ रोजगार सृजन करेंगे

  • 2027 तक एमएसएमई के जरिए एक करोड़ रोजगार सृजन करेंगे।
  • हर मंडल में नर्सिंग और फार्मेसी संस्थान खोलेंगे।
  • शिक्षा का बजट तिगुना करेंगे।
  • पर्यावरण शिक्षा अनिवार्य होगी।
  • 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त दी जाएगी।
  • सभी गांवों-शहरों में मुफ्त वाई फाई जोन बनेंगे।
  • पुरानी पेंशन लागू होगी।

केजी से पीजी तक लड़कियों को दी जाएगी मुफ्त शिक्षा

  • विवि में सीटों को दोगुना किया जाएगा।
  • केजी से पीजी तक लड़कियों को मुफ्त शिक्षा।
  • 12वीं पास युवाओं को लैपटॉप मिलेगा।
  • अर्बन एम्प्लॉयमेंट गारंटी एक्ट बनाएंगे।
  • कन्या विद्या धन शुरू होगा। 12वीं पास होने पर 36 हजार एकमुश्त देंगे।
  • साल में दो गैस सिलेंडर मुफ्त मिलेंगे।
  • दो पहिया वाहन धारकों को 1 लीटर और ऑटो वालो को 3 लीटर पेट्रोल और 6 लीटर सीएनजी मुफ्त देंगे।
  • महिलाओं को 33% नौकरी में आरक्षण।

4 वर्ष में सभी किसानों को कर्ज मुक्त करेंगे

  • सभी फसलों के लिए एमएसपी।
  • 15 दिन में गन्ना मूल्य का भुगतान।
  • चार वर्ष में सभी किसानों को कर्ज मुक्त करेंगे।
  • 2 एकड़ से कम जमीन वाले किसानों को 2 बोरी डीएपी और दो बोरी यूरिया मुफ्त, मुफ्त सिंचाई देंगे।
RELATED ARTICLES

Most Popular