1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. सपा प्रमुख अखिलेश यादव बोले – गुजरात नहीं, अब मैनपुरी मॉडल की धूम, 24 जीतेंगे, 27 में बनेगा इतिहास
सपा प्रमुख अखिलेश यादव बोले – गुजरात नहीं, अब मैनपुरी मॉडल की धूम, 24 जीतेंगे, 27 में बनेगा इतिहास

सपा प्रमुख अखिलेश यादव बोले – गुजरात नहीं, अब मैनपुरी मॉडल की धूम, 24 जीतेंगे, 27 में बनेगा इतिहास

0
Social Share

जसवंतनगर, 23 दिसम्बर। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सूबे की योगी सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि मैनपुरी मॉडल ने गुजरात मॉडल को फेल कर दिया है। अब गुजरात मॉडल वाले मैनपुरी मॉडल पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘समाजवादी पार्टी अब मैनपुरी मॉडल की ही तरह जमीन पर उतर कर संघर्ष करेगी और चुनाव लड़ेगी। हम 2024 का लोकसभा जीतेंगे और 2027 का विधानसभा भी जीतेंगे।’

अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग दावा कर रहे थे कि आजमगढ़ में हरा दिया है, रामपुर में हरा दिया है, उसी तरह से मैनपुरी में भी हरा देंगे। मैनपुरी मॉडल के सामने वे फेल हो गए हैं। मैनपुरी की जनता ने उन्हें जवाब दे दिया है।

नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलने हर जेल जाएंगे

इटावा के जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के चौधरी चरण सिंह डिग्री कॉलेज हेवरा में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार का अन्याय बढ़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में जेल भेजा जा रहा है। पिछले दिनों हम कानपुर गए तो हमारे विधायक को महाराजगंज पहुंचा दिया गया। वह किसी भी जेल में लेकर जाएं, हम अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलने हर जेल जाएंगे।’

जल्द ही जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे

अखिलेश यादव ने कहा, ‘हम लोग बहुत जल्द सरकार के अत्याचार, अन्याय के खिलाफ नेताजी की तरह जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे। बहुत जल्दी हम नेताओं के साथ बैठेंगे और जेल भरो आंदोलन छेड़ने की रणनीति बनाएंगे, भाजपा सरकार का यह अन्याय बहुत दिनों तक नहीं चलेगा।’

CM करहल आए थे, फुटबॉल की बात कर रहे थे…

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वे करहल आए थे, फुटबॉल की बात कर रहे थे। अच्छा हुआ वह जसवंतनगर नहीं आए क्योंकि यहां के लोग स्प्रिंग की तरह हैं, जितना दबाओगे, उतना उछल जाएंगे। अखिलेश ने कहा, ‘मैनपुरी लोकसभा के चुनाव में इस बार भोगांव के लोगों ने भी इतिहास रच दिया। करहल तो जीत से ही रहे थे। किशनी में भी बड़ी जीत मिली, मैनपुरी की जनता का आशीर्वाद मिला और जसवंतनगर ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया।’

अब तो चाचा शिवपाल यादव के साथ आ गए हैं

अखिलेश ने कहा, ‘हम इसी तरह से जमीन पर लड़ेंगे और जीतेंगे। अब तो चाचा शिवपाल यादव के साथ आ गए हैं। मैनपुरी मॉडल तैयार है। 2024 भी जीतेंगे और 2027 में भी बड़ी जीत हासिल करेंगे।’

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा, ‘चौधरी चरण सिंह जी और नेता जी ने जो रास्ता दिखाया है, उसी रास्ते पर चलकर गरीबों और किसानों को आगे बढ़ाया सकता है। चौधरी चरण सिंह और नेता जी ने किसानों के लिए बहुत बड़े बड़े फैसले लिए। किसानों को आगे बढ़ाने का काम किया। नेता जी ने तमाम विरोध को दरकिनार करते हुए विधानसभा के सामने सबसे महत्वपूर्ण स्थान पर चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा लगवाकर उनको सम्मान दिया।’

अखिलेश यादव ने चौधरी चरण सिंह की जयंती पर किसानों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चौधरी साहब कहते थे कि किसानों को एक नजर हल पर और दूसरी संसद पर रखनी चाहिए। किसानों को निगाह रखनी चाहिए कि सांसद क्या फैसला लेती है।

किसान विरोधी फैसले ले रही भाजपा

सपा अध्यक्ष ने कहा कि चौधरी चरण सिंह और नेता जी ने किसानों के हित में जो नीतियां बनाई थीं, भाजपा सरकार उन्हें बर्बाद कर रही है। भाजपा सरकार किसान विरोधी तीन कृषि काले कानून लेकर आई थी, लेकिन, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब का चुनाव तथा किसानों की ताकत के आगे भाजपा सरकार को झुकना पड़ा और तीनों काले कृषि कानून वापस लिए। लेकिन भाजपा सरकार अब भी किसान विरोधी फैसले ले रही है। वह ऐसी नीतियां बना रही है, जिससे किसानों की जमीन जब्त हो जाएगी।’

हमने नेताजी से संघर्ष सीखा है

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मैनपुरी जीत के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ‘भाजपा सरकार चुने हुए जनप्रतिनिधियों का उत्पीड़न कर रही है। अगर सरकार के इशारे पर इसी तरह से नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया गया तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमने नेताजी से संघर्ष सीखा है, चौधरी चरण सिंह जी ने तो आजादी की लड़ाई लड़ी और अंग्रेजों को भगाने का काम किया था।’

अखिलेश ने कहा, ‘जिस तरह से हमने मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव जीता है, उसी तरह से तैयारी करके 2024 में लोकसभा चुनाव जीतेंगे और चौधरी साहब के जन्मदिन पर संकल्प लेते हैं कि भाजपा सरकार को हटाएंगे। इस मौके पर मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव समेत इटावा और मैनपुरी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code