सोनिया गांधी अस्वस्थ, सांस लेने में तकलीफ के बाद सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली, 6 जनवरी। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत फिर खराब हो गई है। उन्हें राष्ट्रीय राजधानी के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष 79 वर्षीय सोनिया को सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया था। फिलहाल उन्हें चेस्ट फिजिशियन की निगरानी में रखा गया है।
सोमवार रात करीब 10 बजे अस्पताल में भर्ती किया गया
सर गंगा राम अस्पताल ने मंगलवार को एक आधिकारिक बयान में बताया कि सोनिया गांधी को सोमवार रात करीब 10 बजे अस्पताल में भर्ती किया गया। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप के अनुसार जांच में पाया गया कि ठंड और प्रदूषण के कारण उनका ब्रॉन्कियल अस्थमा हल्का बढ़ गया था। एहतियातन उन्हें आगे की निगरानी और उपचार के लिए भर्ती किया गया।
कांग्रेस नेता की हालत बिल्कुल स्थिर
अस्पताल ने बताया कि सोनिया गांधी की हालत बिल्कुल स्थिर है और वह उपचार पर अच्छी प्रतिक्रिया दे रही हैं। उन्हें एंटीबायोटिक्स और अन्य सहायक दवाओं से इलाज दिया जा रहा है। डॉक्टरों ने कहा कि उनकी छुट्टी का निर्णय उनके स्वास्थ्य में प्रगति को देखते हुए एक-दो दिन में लिया जाएगा।
