नई दिल्ली, 7 दिसंबर। सीरिया में दिन ब दिन बिगड़ते हालात के बीच विदेश मंत्रालय ने सीरिया के लिए एक ट्रैवल एडवाइजरी जारी की। इस एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों को अगले आदेश तक सीरिया की यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है। विदेश मंत्रालय की जारी यह एडवाइजरी सीरिया में मौजूदा हालात के मद्देनजर आई है। फिलहाल सीरिया की यात्रा करना काफी जोखिम भरा है।
विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “सीरिया में मौजूदा स्थिति को देखते हुए, भारतीय नागरिकों को अगले आदेश तक सीरिया की यात्रा करने से बचने की सलाह दी जाती है।” साथ ही जो लोग सीरिया में हैं उन्हें जल्द से जल्द सीरिया छोड़ने की सलाह दी गई है। विदेश मंत्रालय ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर +963993385973 और ईमेल आईडी [email protected] भी जारी किया है।
सीरिया में क्यों इतनी खराब हुई स्थिति
दरअसल, सीरिया में पिछले एक हफ्ते में हयात तहरीर अल शाम नाम के विद्रोही संगठन ने मोर्चा खोल रका है। वह राष्ट्रपति बशर अल असद को सत्ता से हटाकर अपना कब्जा जमाना चाहता है। इसी कड़ी में वह लगातार हमले कर सीरिया के शहरों पर कब्जा करता जा रहा है। विद्रोहियों ने सीरिया के दूसरे सबसे बड़े शहर अलप्पो पर 30 नवंबर 2024 को ही कब्जा कर लिया था।
इसके बाद यह दक्षिण में हामा प्रांत की ओर बढ़ चुके हैं। बताया जा रहा है कि उत्तरी और सेंट्रल हामा के 4 कस्बों पर विद्रोहियों ने कब्जा भी कर लिया है। यह विद्रोही अपने मिशन को पूरा करने के लिए आम लोगों की हत्याएं कर रहे हैं। अपने शुरुआती हमले में ही विद्रोहियों ने बड़ा नरसंहार करते हुए एक ही हमले में 300 लोगों को मौत के घाट उतार दिया था।


