Homeहिन्दीसर हेडली ने की विराट की तारीफ, बोले – आक्रामकता के बीच...

सर हेडली ने की विराट की तारीफ, बोले – आक्रामकता के बीच उन्हें खेलते देखना मजेदार अनुभव

मुंबई, 25 मई। भारत व न्यूजीलैंड के बीच अगले माह प्रस्तावित विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के पूर्व समकालीन क्रिकेट के महानतम हरफनमौला खिलाड़ियों में शुमार न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान सर रिचर्ड हेडली ने टीम इंडिया की हौसला अफजाई करने वाला बयान दिया है। दरअसल, सर हेडली ने भारतीय कप्तान विराट कोहली की आक्रामकता की तारीफ करते हुए कहा है कि वह मैदान पर पूरे जोश में रहते हैं और अपनी भावनाओं का खुलकर इजहार करते हैं।

गौरतलब है कि न्यूजीलैंड की टीम काफी शांत होकर मैदान पर खेलती है। मौजूदा कीवी कप्तान केन विलियम्सन की गिनती दुनिया के शीर्ष बल्लेबाजों में होती है, लेकिन वह भी भद्रजनों के खेल को बड़ी सौम्यता के साथ खेलते हैं। दूसरी ओर भारतीय कप्तान विराट कोहली मैदान पर अपने आक्रामक रवैये के लिए जाने जाते हैं। कोहली अपनी भावनाएं खुलकर प्रदर्शित करने में विश्वास रखते हैं। बल्लेबाजी हो या फील्डिंग, कोहली हर समय विपक्षी टीम पर हावी होने की कोशिश में लगे रहते हैं।

विलियम्सन व कोहली के खेल दृष्टिकोण पर खेल जगत की अलग-अलग राय हो सकती है। लिकन गुजरे जमाने के महान तेज गेंदबाज रिचर्ड हेडली ने अंग्रेजी दैनिक ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में कोहली की प्रशंसा करते हुए कहा कि शीर्ष स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ियों में आक्रमकता होती ही है।

यह पूछे जाने पर कि खेल के दृष्टिकोण में काफी भिन्नता होने के बावजूद कोहली व विलियम्सन दुनिया के शीर्ष बल्लेबाजों की लिस्ट में एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, हेडली ने कहा कि मुकाबला तो होता ही है। जब आप किसी खेल को उच्चतम स्तर पर खेलते हैं तो प्रतिस्पर्धा होती ही है। यह मैच जीतने और विपक्षी टीम पर बढ़त हासिल करने का एक तरीका है।

सर हेडली ने कहा, ‘हालांकि यह बात हमेशा ध्यान रखने वाली होती है कि क्या कोई खिलाड़ी या टीम खेल भावना की सीमा को लांघ रही है। मुझे ऐसे खिलाड़ी अच्छे लगते हैं, जो खुलकर अपनी भावनाओं का इजहार करते हैं। यह सामने वाली टीम की लय बिगाड़ सकता है।’

टेस्ट क्रिकेट में सबसे पहले 400 विकेटों का आंकड़ा छूने वाले हेडली ने कहा, ‘मेरी नजर में विराट काफी जुनूनी और प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी हैं। वह काफी जोश के साथ खेलते हैं। उनकी पूरी कोशिश होती है कि उनकी टीम जीते। वह इसके लिए अपनी ओर से पूरा प्रयास करते हैं।’

सर हेडली ने कहा, ‘कोहली से भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की जो उम्मीदें जुड़ी हैं, वे बहुत ज्यादा हैं। करोड़ों लोग उन्हें अपना आदर्श मानते हैं। इससे उन पर दबाव भी काफी बढ़ जाता है। फिलहाल वह काफी गर्व के साथ खेलते हैं और विश्वस्तरीय खिलाड़ी हैं। उन्हें खेलते देखना मजेदार अनुभव है।’

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments