1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. शिवसेना का प्रहार – भाजपा के नव हिन्दुत्ववादियों की वजह से देश में आज खतरे में आ चुका है हिन्दुत्व
शिवसेना का प्रहार – भाजपा के नव हिन्दुत्ववादियों की वजह से देश में आज खतरे में आ चुका है हिन्दुत्व

शिवसेना का प्रहार – भाजपा के नव हिन्दुत्ववादियों की वजह से देश में आज खतरे में आ चुका है हिन्दुत्व

0
Social Share

मुंबई, 23 अक्टूबर। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के जरिए भारतीय जनता पार्टी पर कठोर प्रहार करते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा की वजह से ही आज देश में हिन्दुत्व खतरे में पड़ गया है।

‘सामना’ के संपादकीय लेख में कहा गया है कि कश्मीर से कश्मीरी पंडित खौफजदा होकर अपना घर-बार सबकुछ छोड़कर पलायन कर रहे हैं। बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हमले किए जा रहे हैं। औरतों की आबरू से खेला जा रहा है। पाकिस्तान और चीन अलग से आंख दिखा रहे हैं। लेकिन बीजेपी में शामिल हुए नए उठल्लू इस बात पर खामोश हैं। वो सिर्फ इस बात से दुखी हैं कि शिवसेना ने सत्ता के लिए हिन्दुत्व कैसे छोड़ दिया। असल में इन्हीं नव हिन्दुत्ववादियों की वजह से हिन्दुत्व खतरे में आया है।

हिन्दुत्व शब्द का उच्चारण करने की इनकी औकात नहीं

समाचारपत्र ने लिखा है, ‘सच कहें तो हिन्दुत्व, इस पवित्र शब्द का उच्चारण करने की इनकी औकात नहीं है। देश में कुल मिलाकर ऐसी स्थिति है कि आज हिन्दू खतरे में आ गया है। यह लेख लिखने के दौरान कश्मीर के हिंदुओं की चीत्कार और आक्रोश से हमारा हृदय व्यथित हो गया है।’

कश्मीर के ताजा हालात नव हिन्दुत्व के लिए अच्छे लक्षण नहीं

सम्पादकीय में लिखा है – कश्मीरी पंडित डर के साये में हैं और उन्होंने बड़ी संख्या में पलायन शुरू कर दिया है। 90 के दशक में कश्मीर घाटी में ठीक ऐसी ही तनावपूर्ण स्थिति थी। बीते 15 दिनों में कश्मीर घाटी से 220 हिन्दू-सिख परिवारों ने जम्मू स्थित शरणार्थी शिविरों में शरण ली है। ये कोई (नव) हिन्दुत्व के लिए अच्छे लक्षण नहीं हैं।

कश्मीर व बांग्लादेश में हिन्दुओं की रक्षा करना मोदी सरकार का कर्तव्य

‘सामना’ ने लिखा है कि शिवसेना को हिन्दुत्व का सबक सिखाने वालों को कश्मीर में हिन्दुओं का पलायन और हत्या दिखाई न देना, इस पर हैरानी होती है। बांग्लादेश में हिन्दू मंदिरों पर हमले हो रहे हैं। हिन्दुओं की बस्तियां जलाई जा रही हैं। हिन्दू लड़कियों की इज्जत पर हमला किया जा रहा है। पूरे बांग्लादेश में हिन्दू समाज डर के साये में किसी तरह जी रहा है। कश्मीर व बांग्लादेश में जल रहे हिन्दुओं की रक्षा करना मोदी सरकार का ही कर्तव्य है।

महबूबा की पार्टी से सत्ता के लिए रचाया गया निकाह भुला सकते हैं क्या?

अखबार ने भाजपा पर हमला करते हुए लिखा – शिवसेना ने सत्ता के लिए हिंदुत्व छोड़ दिया, ऐसा कहने वाले लोग जम्मू-कश्मीर में महबूबा मुफ्ती की पार्टी से सत्ता के लिए रचाया गया निकाह भुला सकते हैं क्या? आपका वह निकाह, कहते हैं कि व्यापक राष्ट्रीय हित के लिए! वहां तो सीधे-सीधे अलगाववादी आतंकियों से हाथ मिलाकर ही सत्ता का शीर-कुरमा खाया था। उस शीर-कुरमा के दांतों में फंसे हुए रेशे वैसे ही रखकर शिवसेना को हिन्दुत्व का प्रवचन देना मतलब दिमाग ठिकाने पर नहीं होने का लक्षण है।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code