1. Home
  2. कारोबार
  3. आईटी इंडेक्स में बड़ी गिरावट ने रोकी शेयर बाजार की रफ्तार, दोनों मानक सूचकांक मामूली बढ़त पर थमे
आईटी इंडेक्स में बड़ी गिरावट ने रोकी शेयर बाजार की रफ्तार, दोनों मानक सूचकांक मामूली बढ़त पर थमे

आईटी इंडेक्स में बड़ी गिरावट ने रोकी शेयर बाजार की रफ्तार, दोनों मानक सूचकांक मामूली बढ़त पर थमे

0
Social Share

मुंबई, 4 फरवरी। इन्फोसिस व टीसीएस सहित सूचना प्रौद्योगिकी (IT) क्षेत्र की प्रमुख कम्पनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट ने घरेलू शेयर बाजार की रफ्तार रोक ली, जो 24 घंटे पहले ही सरपट दौड़ता दिखा था। इस क्रम में दोनों बेंचमार्क इंडेक्स मामूली बढ़त पर थमे। बीएसई सेंसेक्स 79 अंकों की बढ़त पर रहा जबकि एनएसई निफ्टी 48 अंक चढ़कर बंद हुआ।

सेंसेक्स 78.56 अंक बढ़कर 83,817.69 पर बंद

भारत-अमेरिका ट्रेड डील से पिछले कारोबारी सत्र में जोरदार उछाल देखने वाला बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 78.56 अंक यानी 0.09 प्रतिशत बढ़कर 83,817.69 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 83,947.53 अंक के उच्चस्तर तक गया और 83,119.95 अंक के निचले स्तर तक आया। इस तरह इसमें 827.58 अंक का उतार-चढ़ाव देखा गया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 22 के शेयर हरे निशान पर रुके जबकि आठ में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 48.45 अंक चढ़कर 25,776 अंक पर बंद

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 48.45 अंक यानी 0.19 प्रतिशत चढ़कर 25,776 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 37 के शेयर मजबूत रहे और 13 में कमजोरी रही।

इन्फोसिस के स्टॉक सर्वाधिक 7.26 फीसदी गिरे

सेंसेक्स समूह की कम्पनियों में इन्फोसिस के स्टॉक सर्वाधिक 7.26 फीसदी गिरे। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा व विप्रो के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान के साथ बंद हुए। इन शेयरों में सात प्रतिशत तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। वहीं इटर्नल, ट्रेंट, एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड और मारुति सुजुकी प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।

आईटी इंडेक्स सबसे ज्यादा 5.49 प्रतिशत लुढ़का

सेक्टोरल इंडेक्स देखें तो प्रमुख आईटी कम्पनियों में तेज गिरावट की वजह से बीएसई आईटी इंडेक्स 5.49 प्रतिशत लुढ़ककर 35,109.51 पर बंद हुआ। दूसरी ओर, उपयोगिता में 2.72 प्रतिशत, तेल व गैस में 2.37 प्रतिशत, टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं में 2.36 प्रतिशत, बिजली में 2.18 प्रतिशत, ऊर्जा में 1.91 प्रतिशत, विवेकाधीन वस्तुओं में 1.56 प्रतिशत और धातु में 1.27 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

एफआईआई ने 5,236.28 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 5,236.28 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,014.24 करोड़ रुपये का निवेश किया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.36 प्रतिशत चढ़कर 67.57 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code