1. Home
  2. कारोबार
  3. उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में शेयर बाजार लगभग सपाट बंद, सेंसेक्स 14 अंक चढ़ा
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में शेयर बाजार लगभग सपाट बंद, सेंसेक्स 14 अंक चढ़ा

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में शेयर बाजार लगभग सपाट बंद, सेंसेक्स 14 अंक चढ़ा

0
Social Share

मुंबई, 4 जून। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच गुरुवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में भारतीय शेयर बाजार लगभग सपाट बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स जहां 14 अंक चढ़ा वहीं एनएसई निफ्टी में 11 अंकों की मामूली बढ़त रही।

विशेषज्ञों का कहना है कि कमजोर वैश्विक संकेत, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण बाजार की शुरुआत दबाव में हुई। हालांकि, निचले स्तरों पर खरीदारी आने से सूचकांक नुकसान की भरपाई करने में सफल रहे। इसी क्रम में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति के नीतिगत दर पर आने वाले फैसले से पहले भी निवेशकों ने सतर्क रुख अख्तियार किया।

सेंसेक्स 74,360.01 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 13.84 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 74,360.01 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 737 अंकों के दायरे में 74,544.24 के ऊपरी और 73,807.30 अंक के निचले स्तर तक गया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 11 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 18 में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 10.95 अंक चढ़कर 23,416.55 पर बंद

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 10.95 अंक यानी 0.05 प्रतिशत चढ़कर 23,416.55 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 23 के शेयर लाभ में रहे तो 27 में नुकसान रहा। व्यापक बाजार देखें तो छोटी कम्पनियों का बीएसई स्मालकैप सूचकांक 1.02 प्रतिशत चढ़ गया जबकि मझोली कम्पनियों के मिडकैप सूचकांक में 0.40 प्रतिशत की तेजी रही।

सेक्टोरल इंडेक्स पर एक नजर

उधर सेक्टोरल इंडेक्स में टिकाऊ उपभोक्ता खंड ने सर्वाधिक 1.94 प्रतिशत की छलांग लगाई जबकि पूंजीगत उत्पाद खंड में 1.01 प्रतिशत, दूरसंचार खंड में 0.82 प्रतिशत और तेल एवं गैस खंड में 0.57 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। दूसरी तरफ धातु, जिंस एवं आईटी खंड में गिरावट रही।

टाइटन का स्टॉक सबसे ज्यादा 3.43 फीसदी चढ़ा।

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाइटन का स्टॉक सबसे ज्यादा 3.43 फीसदी चढ़ा। आईटीसी, टेक महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक भी प्रमुख रूप से बढ़त में रहे। दूसरी तरफ, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचसीएल टेक और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

एफआईआई ने 5,616.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 5,616.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। उधर वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.68 प्रतिशत गिरकर 96.17 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code