1. Home
  2. राज्य
  3. दिल्ली
  4. दिल्ली विधानसभा, मेट्रो और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा बलों ने तलाशी ली
दिल्ली विधानसभा, मेट्रो और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा बलों ने तलाशी ली

दिल्ली विधानसभा, मेट्रो और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा बलों ने तलाशी ली

0
Social Share

नई दिल्ली, 24 मार्च। दिल्ली विधानसभा में बजट पेश करने वाले दिन मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी ने पूरे परिसर में हड़कंप मचा दिया। एक अज्ञात ईमेल के जरिए दिल्ली विधानसभा, उसकी मेट्रो स्टेशन और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को बम ब्लास्ट की चेतावनी दी गई है।सुबह 7:28 बजे विधानसभा की आधिकारिक ईमेल पर और 7:49 बजे स्पीकर विजेंद्र गुप्ता की पर्सनल ईमेल पर यह धमकी भरा संदेश पहुंचा। ईमेल में LG तरनजीत सिंह संधू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के नाम भी शामिल किए गए थे।

धमकी मिलते ही सुरक्षा बलों ने तुरंत अलर्ट मोड में आकर पूरे विधानसभा परिसर, आसपास के इलाकों और मेट्रो स्टेशन की सघन तलाशी शुरू कर दी। अभी तक किसी भी संदिग्ध वस्तु या बम का पता नहीं चला है। पुलिस ने परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है तथा ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है। इस घटना के कारण बजट सत्र की कार्यवाही में देरी हुई। स्पीकर कार्यालय ने सत्र का समय आधे घंटे बढ़ा दिया, ताकि सुरक्षा जांच पूरी हो सके और सभी सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

सदन में कई विधायकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।बजट सत्र के संवेदनशील माहौल में आई यह धमकी पूरे प्रशासन को चौकस कर गई है। दिल्ली विधानसभा के इतिहास में पहले भी ऐसी धमकियां आ चुकी हैं, लेकिन बजट पेश करने के दिन यह घटना विशेष रूप से गंभीर मानी जा रही है। आम जनता और मेट्रो यात्रियों में भी सतर्कता बढ़ गई है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है और जांच जारी रहेगी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code