महाराष्ट्र संकट : मुंबई में धारा 144 लागू, उद्धव सरकार पर सियासी संकट तेज!

मुंबई, 25 जून। महाराष्ट्र में गहराते जा रहे राजनीतिक संकट के बीच मुंबई पुलिस ने मुंबई शहर में धारा 144 लागू कर दी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे मुंबई के सेना भवन पहुंच गए हैं। महाराष्ट्र विकास आघाड़ी (एमवीए) के नेता हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

एकनाथ शिंदे के ठाणे स्थित आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई

इसी क्रम में शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के ठाणे स्थित आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वह संप्रति असम की राजधानी गुवाहाटी के रैडिसन ब्लू होटल में राज्य के अन्य बागी विधायकों के साथ ठहरे हुए हैं।

कांग्रेस नेता थोराट बोले – एमवीए सरकार काम करती रहेगी

इस बीच महाराष्ट्र कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने कहा, ‘आज बैठक में हमने मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। हमारे लोग स्थिति पर काम कर रहे हैं। एमवीए सरकार काम कर रही है और काम करती रहेगी। हमारी सरकार अल्पमत में नहीं है। दिल्ली से हमारी पार्टी की कानूनी टीम भी हमारी मदद कर रही है।’

उधर बागी नेता एकनाथ शिंदे ने शनिवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र सरकार ने 16 बागी विधायकों के आवास पर उपलब्ध कराई गई सुरक्षा वापस ले ली है। शिंदे ने कहा कि उनकी भी सुरक्षा वापस ले ली गई है और यह ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ की भावना से किया गया है।

शिंदे ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल के नाम एक पत्र ट्वीट किया, जिस पर 16 विधायकों के हस्ताक्षर हैं। इस पत्र में विधायकों ने कहा है कि अगर उनके परिवार के लोगों को कुछ हुआ तो मुख्यमंत्री ठाकरे और सत्तारूढ़ एमवीए गठबंधन के नेता उसके लिए जिम्मेदार होंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular