आईपीएल नीलामी : अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों में समीर रिजवी सबसे महंगे, सीएसके ने 8 करोड़ 40 लाख में खरीदा

दुबई, 19 दिसम्बर। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 की नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई पेसर मिचेल स्टार्क ने यदि आईपीएल इतिहास में नया अध्याय लिखा और कोलकाता नाइट राइडर्स ने उनके लिए 24.75 करोड़ रुपये की बोली जीती तो अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों में समीर रिजवी सबसे महंगे रहे।

वर्ष 2020 में यूपी रणजी टीम के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण करने वाले मेरठ के 20 वर्षीय बल्लेबाज समीर को चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) ने 8 करोड़ 40 लाख में खरीदकर सबको चौंका दिया। वहीं एक अन्य अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी शुभम दुबे को राजस्थान रॉयल्स ने 5 करोड़ 80 लाख में अपने साथ जोड़ा।

लेकिन अनकैप्ड सौरभ चौहान नहीं बिके। प्रियांश आर्या भी अनसोल्ड रहे। मनन वोहरा का बेस प्राइज भी 20 लाख था, वह भी नहीं बिके। अंगक्रिश रघुवंशी को 20 लाख में केकेआर ने अपने साथ जोड़ा। अनकैप्ड ऑलराउंडर के ग्रुप में सरफराज खान नहीं बिके। मोहम्मद अरशद खान, राज अंगद बावा, विव्रांत शर्मा, अतीत सेठ व ऋत्विक शौकीन भी अनसोल्ड रहे। अर्शिल कुलकर्णी को लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 20 लाख में अपने साथ जोड़ा।

शाहरुख खान 7 करोड़ 40 लाख में गुजरात के साथ जुड़े

शाहरुख खान का बेस प्राइज 40 लाख था। पंजाब ने शाहरुख पर बोली शुरू की। शाहरुख पर गुजरात ने भी बोली लगाई। अंत में उन्हें गुजरात टाइटंस ने 7 करोड़ 40 लाख में अपने साथ जोड़ा। रमनदीप सिंह को 20 लाख में केकेआर ने खरीदा।

आदिल रशीद सहित इन विदेशी खिलाड़ियों की बोली नहीं लगी

अन्य खिलाड़ियों में इंग्लैंड के स्पिनर आदिल रशीद अनसोल्ड रहे। वेस्टइंडीज के अकील हुसैन भी नहीं बिके। न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी को भी खरीददार नहीं मिला। दक्षिण अफ्रीका के तबरेज शम्सी नहीं बिके। अफगानिस्तान के मुजीब रहमान पर भी बोली नहीं लगी।

विकेटकीपर कैटेगरी में फिल साल्ट के लिए बोली एक करोड़ 50 लाख से शुरू हुई। अनसोल्ड रहे। क्रिस्टन स्टब 50 लाख में दिल्ली से जुड़े। केएस भारत केकेआर से जुड़े। जोश इंग्लिस नहीं बिके।

अल्जारी जोसेफ को आरसीबी ने 11 करोड़ 50 लाख में अपने साथ जोड़ा

वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ के लिए दिल्ली और चेन्नई ने बोली लगाई। लखनऊ और आरसीबी भी मैदान में उतरी। अंत में आरसीबी ने उन्हें 11 करोड़ 50 लाख में अपने साथ जोड़ा। लॉकी फर्ग्यूसन के लिए बोली दो करोड़ से शुरू हुई, लेकिन नहीं बिके। चेतन सकारिया के लिए बोली 50 लाख से शुरू हुई। कोलकाता ने 50 लाख में अपने साथ जोड़ा।

RELATED ARTICLES

Most Popular