गहलोत कैबिनेट के पुनर्गठन पर बोले पायलट – जो कमी थी, वो पूरी हो गई

जयपुर, 21 नवम्बर। राजस्थान में महीनों तक चली उथल-पुथल के बीच रविवार को नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण होना है। इसी बीच प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कैबिनेट के पुनर्गठऩ और उसमें शामिल किए जाने वाले मंत्रियों के नामों पर खुशी जताई।

पायलट ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘दलित समाज के चार कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं, जो हमारे लिए बहुत अच्छी बात है। आदिवासी भाई बहनों को उचित प्रतिनिधित्व मिला है यह लोग हमारे साथ रहे हैं। जो तबका हमेशा से हमारे साथ रहा है उसको उसका हिस्सा देने का काम किया गया है।’

पायलट ने कहा कि मंत्रिमंडल की नई सूची से अच्छा संदेश गया है। कुछ कमियां थीं, वो पूरी हो गईं हैं। कैबिनेट के फेरबदल को लेकर पायलट ने सोनिया गांधी, अशोक गहलोत और अजय माकन का धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि नया मंत्रिमंडल सभी लोगों से चर्चा और मंजूरी मिलने के बाद बना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और राजस्थान के नेताओं ने मिलकर नया मंत्रिमंडल तैयार किया है।

‘कांग्रेस में हमारा एक ही गुट है और वो कांग्रेस आलाकमान का गुट है’

उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस में कोई गुट नहीं है। सुबह मैंने देखा कि लोग दिखा रहे हैं पायलट गुट से इतना, अशोक गुट से इतना। मगर जब 2018 का चुना हुआ था तो हमने सबके साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और सबके साथ मिलकर सरकार बनाई है। इसलिए कांग्रेस में हमारा एक ही गुट है और वो कांग्रेस आलाकमान का गुट है।’

पायलट ने कहा, ‘हमारा मकसद एक बार फिर से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनानी है।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस में हमेशा चुनाव कलेक्टिव लीडरशिप पर लड़ा जाता है। 2018 में भी हमने कलेक्टिव लीडरशिप पर लड़ा था। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी की अगुआई में चुनाव में जाएंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular