1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. रिंकू सिंह यूपी में बनेंगे स्पोर्ट्स ऑफिसर, सीएम योगी आज देंगे नियुक्ति पत्र, 6 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी
रिंकू सिंह यूपी में बनेंगे स्पोर्ट्स ऑफिसर, सीएम योगी आज देंगे नियुक्ति पत्र, 6 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी

रिंकू सिंह यूपी में बनेंगे स्पोर्ट्स ऑफिसर, सीएम योगी आज देंगे नियुक्ति पत्र, 6 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी

0
Social Share

लखनऊ, 24 मार्च। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम 5 बजे लोकभवन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले छह मेधावी खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। इस मौके पर वे लक्ष्मीबाई पुरस्कार का भी वितरण करेंगे। इस समारोह में टीम इंडिया के क्रिकेटर रिंकू सिंह को रीजनल स्पोर्ट्स अफसर का नियुक्ति पत्र मिलेगा। रिंकू सिंह के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 6 अन्य अंतर्राष्ट्रीय खिलाडियों को भी नियुक्ति पत्र देंगे।

इसके अलावा पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की ओर से कांस्य पदक जीतने वाले गाजीपुर जिले के राजकुमार पाल को डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) पद पर नियुक्त किया गया है। गौतमबुद्ध नगर के प्रवीण कुमार को, जिन्होंने पेरिस पैरा ओलंपिक में ऊंची कूद स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया, डीएसपी बनाया गया है। इटावा के अजीत सिंह, जो पेरिस पैरा ओलंपिक में भाला फेंक में रजत पदक विजेता हैं, को जिला पंचायती राज अधिकारी (डीपीआरओ) का पद दिया जाएगा।

  • इन्हें भी मिलेगा नियुक्ति पत्र

गाजियाबाद की सुमिरन, पैरा ओलंपिक में 200 मीटर दौड़ की कांस्य पदक विजेता, को भी जिला पंचायती राज अधिकारी बनाया गया है। मुजफ्फरनगर की प्रीतिपाल, जिन्होंने पैरा एथलेटिक्स में 100 और 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीते, को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पद का नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को सरकारी नौकरियों में सीधी नियुक्ति देकर सरकार उनका सम्मान कर रही है, ताकि वे भविष्य में भी खेल और समाज दोनों के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहें।

  • लक्ष्मीबाई अवार्ड पाने वालों का भी सम्मान

इस कार्यक्रम में लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे. खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए यह समारोह खास होगा, क्योंकि यह साबित करता है कि मेहनत और लगन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने वाले खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश सरकार का पूरा समर्थन प्राप्त है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code