ख्यातिनाम पत्रकार और लेखक मार्क टली का निधन, 90 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
नई दिल्ली, 25 जनवरी। ख्यातिनाम पत्रकार व लेखक मार्क टली का रविवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे। यह जानकारी उनके एक करीबी मित्र ने साझा की। वरिष्ठ पत्रकार और टली के करीबी मित्र सतीश जैकब ने बताया, ‘मार्क का रविवार दोपहर साकेत के मैक्स अस्पताल में निधन हो गया।’
लगभग 22 वर्षों तक BBC के नई दिल्ली ब्यूरो प्रमुख रहे
अपनी पत्रकारिता के लिए कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाले मार्क टली लगभग 22 वर्षों तक ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (BBC) के नई दिल्ली ब्यूरो प्रमुख रहे मार्क टली विगत कई माह से अस्वस्थ चल रहे थे और पिछले एक सप्ताह से साउथ दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। मैक्स हॉस्पिटल ने एक बयान में कहा, ‘विलियम मार्क टली का निधन 25 जनवरी, 2026 को दोपहर 2.35 बजे हुआ। उनकी मौत का कारण स्ट्रोक के बाद मल्टी-ऑर्गन फेलियर था।’
24 अक्टूबर, 1935 को कोलकाता (तत्कालीन कलकत्ता) में जन्मे मार्क टली 22 वर्षों तक बीबीसी के नई दिल्ली ब्यूरो प्रमुख रहे। मार्क टली एक प्रतिष्ठित लेखक भी थे और बीबीसी रेडियो-4 के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘समथिंग अंडरस्टूड’ के प्रेजेंटर रहे।
मार्क टली चार वर्ष की उम्र में दार्जिलिंग के एक ब्रिटिश बोर्डिंग स्कूल पहुंचे और नौ वर्ष की उम्र से आगे की पढ़ाई के लिए इंग्लैंड चले गए। उन्होंने हैम्पशायर के ट्विफोर्ड स्कूल, मार्लबोरो कॉलेज और कैम्ब्रिज के ट्रिनिटी हॉल में पढ़ाई की, जहां उन्होंने थियोलॉजी (धर्मशास्त्र) का अध्ययन किया। कैम्ब्रिज में अपनी शिक्षा के बाद, मार्क टली ने चर्च ऑफ इंग्लैंड में पादरी बनने की इच्छा जताई, लेकिन लिंकन थियोलॉजिकल कॉलेज में दो टर्म के बाद उन्होंने यह विचार छोड़ दिया।
30 वर्षों तक BBC के साथ जुड़े रहे
मार्क टली ने जुलाई, 1994 में इस्तीफा देने से पहले 30 वर्षों तक BBC के साथ काम किया। वह 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान BBC के इंडिया कॉरेस्पोंडेंट थे, जिसके बाद बांग्लादेश बना था। BBC के संवाददाता के तौर पर, उन्होंने भारत की सभी बड़ी घटनाओं को कवर किया, जिनमें भारत-पाकिस्तान संघर्ष, भोपाल गैस त्रासदी, ऑपरेशन ब्लू स्टार और उसके बाद इंदिरा गांधी की हत्या, राजीव गांधी की हत्या और बाबरी मस्जिद विध्वंस शामिल हैं।
पद्म भूषण से सम्मानित किए गए थे मार्क टली
टली को 1975-77 में भारत में आने से प्रतिबंधित कर दिया गया था, जब इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी के दौरान प्रेस पर सेंसरशिप की पाबंदियां लगाई थीं। उन्होंने 2001 में मार्गरेट से शादी की, जिनसे लंदन में उनके चार बच्चे हुए। वह भारत में अपनी गर्लफ्रेंड जिलियन राइट के साथ रहते थे। मार्क टली को वर्ष 2002 में नाइटहुड से सम्मानित किया गया था जबकि भारत सरकार ने उन्हें 2005 में पद्म भूषण से सम्मानित किया था।
भारत पर लिखीं कई चर्चित पुस्तकें
मार्क टली ने भारत में लोगों के जीवन और समाज का बहुत करीब से अध्ययन किया था और भारत पर कई चर्चित पुस्तकें लिखीं, जिनमें ‘नो फुल स्टॉप्स इन इंडिया’, ‘इंडिया इन स्लो मोशन’, ‘द हार्ट ऑफ इंडिया’, अमृतसर : मिसेज गांधी लास्ट बैटल (1985), इंडियाज अनएंडिंग जर्नी (2008) और द रोड अहेड (2011) प्रमुख हैं। उनकी नवीनतम किताब, अपकंट्री टेल्स : वन्स अपॉन ए टाइम इन द हार्ट ऑफ इंडिया (2017), ग्रामीण उत्तर भारत की कहानियों का संकलन है।
