रक्षाबंधन पर सीएम योगी की अपील: बहन-बेटियों के सम्मान और सुरक्षा का लें संकल्प, 27 से 29 अगस्त तक मुफ्त बस यात्रा

लखनऊ, 24 अगस्त। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई की कलाई पर बांधा जाने वाला रक्षा-सूत्र भर नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास और संकल्प का पवित्र पर्व है। यह पर्व परिवारों को जोड़ने के साथ समाज में आत्मीयता बढ़ाता है और बहन-बेटियों के सम्मान, सुरक्षा एवं स्वाभिमान के प्रति अपने दायित्व का स्मरण कराता है।

28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रावण पूर्णिमा के पावन अवसर पर इस वर्ष 28 अगस्त को मनाया जाने वाला रक्षाबंधन सनातन संस्कारों की मजबूत परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पर्व से जुड़ी कथाएं भी स्नेह और संरक्षण के भाव को दर्शाती हैं। लोक परंपरा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की उंगली से रक्त बहता देखकर द्रौपदी ने अपनी साड़ी का किनारा फाड़कर उनकी उंगली पर बांध दिया था। द्रौपदी के इस स्नेह का प्रत्युत्तर श्रीकृष्ण ने संकट के समय उनकी रक्षा करके दिया। इसी तरह राजा बलि को रक्षा-सूत्र बांधकर माता लक्ष्मी ने उन्हें अपना भाई बनाया और भगवान विष्णु को अपने साथ ले आईं। उन्होंने कहा कि ये प्रसंग बताते हैं कि स्नेह केवल रिश्ते नहीं बनाता, बल्कि दायित्व और संरक्षण की भावना भी पैदा करता है।

नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ना जरूरी

सीएम योगी ने कहा कि आज नई पीढ़ी तकनीकी उन्नयन के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है। ऐसे समय में सनातन संस्कारों को अपने आचरण का हिस्सा बनाना और विवेक, सद्भाव तथा सामाजिक एकता को महत्व देना पहले से अधिक जरूरी है।उन्होंने कहा कि यही संस्कार परिवारों को मजबूत करते हैं और समाज को एकजुट रखते हैं। साथ ही संविधान की प्रस्तावना में निहित समानता, बंधुता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करते हुए राष्ट्र को शक्ति प्रदान करते हैं।

बहन-बेटियों की सुरक्षा और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा का यही भाव एक संवेदनशील सरकार के संकल्प में भी दिखाई देता है। प्रदेश सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में बहन-बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और प्रगति को गति मिली है। वहीं, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना के जरिए सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड को भी महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

27 से 29 अगस्त तक महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर वर्ष 2017 से माताओं और बहनों के लिए शुरू की गई निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा इस वर्ष भी जारी रहेगी। महिलाओं को 27 से 29 अगस्त तक मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसका उद्देश्य रक्षाबंधन पर महिलाओं की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।

सुरक्षाकर्मियों को रक्षा-सूत्र बांधकर जताएं कृतज्ञता

सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे रक्षा-सूत्र के संकल्प को अपने आचरण का हिस्सा बनाएं और प्रत्येक बहन-बेटी के सम्मान एवं सुरक्षा का संकल्प लें। उन्होंने सुरक्षाबलों, पुलिसकर्मियों और आपदा राहत कर्मियों को रक्षा-सूत्र बांधकर उनके प्रति अपनत्व और कृतज्ञता प्रकट करने का भी आग्रह किया।

स्थानीय राखियों और उपहारों को दें प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने लोगों से स्थानीय स्तर पर निर्मित राखियों और उपहारों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से स्थानीय श्रम, कौशल और उद्यम को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को भी मजबूती मिलेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular