1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर कसा तंज – ‘मुझे लगा था, राहुल भारत जोड़ने के लिए कराची या लाहौर जा सकते हैं’
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर कसा तंज – ‘मुझे लगा था, राहुल भारत जोड़ने के लिए कराची या लाहौर जा सकते हैं’

राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर कसा तंज – ‘मुझे लगा था, राहुल भारत जोड़ने के लिए कराची या लाहौर जा सकते हैं’

0
Social Share

नंदनगढ़ (कर्नाटक), 2 मार्च। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर सशस्त्र बलों की वीरता पर सवाल उठाने का आरोप लगाया और तंज कसते हुए कहा कि इसकी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का उद्देश्य अपने नेता राहुल गांधी को ‘लॉन्च’ करना था। भाजपा की ‘विजय संकल्प यात्रा’ के दूसरे चरण की गुरुवार को यहां शुरुआत करते हुए राजनाथ ने यह टिप्पणी की।

राजनाथ सिंह ने कहा, “क्या आप युवा कांग्रेस नेता के बारे में जानते हैं, उन्हें अभी ‘लॉन्च’ किया जा रहा है और इसके लिए उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की थी। वर्ष 1947 में बंटवारे के दौरान भारत का विभाजन हो गया था, इसलिए मैंने सोचा था कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाल रहे राहुल गांधी, कराची या लाहौर जा सकते हैं, लेकिन वह वहां नहीं गए।”

जब पूरा भारत एकजुट है तो गांधी ने किसे जोड़ने की कोशिश की

रक्षा मंत्री ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूछा कि जब पूरा भारत एकजुट है तो गांधी ने किसे जोड़ने की कोशिश की। उन्होंने कहा, ‘लोगों को मूर्ख बनाकर राजनीति अधिक समय तक नहीं की जा सकती। जो लोग विश्वास के साथ राजनीति करते हैं और जनता से आंखें मिलाकर बात करते हैं, वे ही सफल हो सकते हैं और जो लोग भाजपा में हैं, वे ही ऐसा कर सकते हैं।’

राजनाथ ने कांग्रेस पर ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ वाला नारा लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘वे पीएम मोदी की कब्र नहीं खोद रहे, बल्कि इस तरह के नारों से अपनी कब्र खोद रहे हैं। हमारे कांग्रेसी मित्र भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जितना कीचड़ उछालेंगे, हमारा कमल उतना ही खिलेगा।’ कांग्रेस पर रक्षा बलों के साहस और वीरता पर सवाल उठाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने पूछा, ‘इन्हें क्या हो गया?….रक्षा मंत्री के रूप में मैं कहना चाहता हूं कि हमें अपने सैन्य बलों पर गर्व है।’

इससे पहले दिन में राजनाथ सिंह यहां संगोली रायण्णा के स्मारक पर गए और उन्हें श्रद्धांजलि दी, जिसके बाद उन्होंने यात्रा की शुरुआत की। रक्षा मंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे राज्य में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लें और इस बार दो-तिहाई बहुमत से ‘नया कर्नाटक’ बनाने का संकल्प लें। उन्होंने विश्व स्तर पर भारत के बढ़ते कद और केंद्र में मौजूदा भाजपा सरकार के तहत एक आर्थिक शक्ति के रूप में उभरने पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार आतंकवाद और इसका समर्थन करने वालों को बर्दाश्त नहीं करेगी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code