1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. राजनाथ सिंह ने पश्चिम बंगाल में ‘गुंडों’ को दी कड़ी चेतावनी, बोले- ‘जेल में होंगे या ऊपर होंगे’
राजनाथ सिंह ने पश्चिम बंगाल में ‘गुंडों’ को दी कड़ी चेतावनी, बोले- ‘जेल में होंगे या ऊपर होंगे’

राजनाथ सिंह ने पश्चिम बंगाल में ‘गुंडों’ को दी कड़ी चेतावनी, बोले- ‘जेल में होंगे या ऊपर होंगे’

0
Social Share

हुगली (पश्चिम बंगाल), 25 अप्रैल। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को चेतावनी दी कि यदि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला एनडीए सत्ता में आता है तो राज्य से ‘गुंडों’ को खदेड़ दिया जाएगा। हुगली में एक रोड शो में बोलते हुए राजनाथ ने किसानों को उचित दाम देने का वादा भी किया, साथ ही युवाओं को रोजगार देने की दिशा में काम करने की बात भी कही।

राजनाथ ने कहा, “मैंने पहले ही कहा था कि बंगाल में अब गुंडे नहीं रहेंगे। अगर वे रहते हैं, तो वे या तो बंगाल की जेलों में होंगे या ‘ऊपर’ होंगे… हम कानून-व्यवस्था को मजबूत करेंगे। हम किसानों को उचित दाम देंगे, युवाओं को रोज़गार देंगे और साथ ही, हम अच्छी सड़कें भी बनाएंगे। सभी बुनियादी ढांचों का विकास किया जाएगा।”

 

राजनाथ के बयान में मोदी के दावे से समानता

देखा जाए तो राजनाथ का बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान से मेल खाता है, जिन्होंने हाल ही में राज्य में ‘टीएमसी के गुंडों’ को चेतावनी दी थी। मोदी ने 19 अप्रैल को बिष्णुपुर में एक चुनावी रैली के दौरान कहा था, ‘मैं टीएमसी के सभी गुंडों, सिंडिकेट और भ्रष्ट तत्वों को आखिरी मौका दे रहा हूं। 29 अप्रैल से पहले अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में सरेंडर कर दें। चार मई के बाद किसी को बख्शा नहीं जाएगा। बिष्णुपुर का माफिया और टीएमसी का सिंडिकेट, ध्यान से सुनो, अब इसे और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’

गृह मंत्री अमित शाह भी टीएमसी के गुंडों को लगातार दे रहे चेतावनी

इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी टीएमसी के ‘गुंडों को वोटिंग के दौरान अपने घरों से बाहर न निकलने’ की लगातार चेतावनी दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं टीएमसी के सभी गुंडों को चेतावनी दे रहा हूं कि वे वोटिंग के दिन अपने घरों से बाहर न निकलें, वरना पांच मई के बाद तुम्हारा काम तमाम हो जाएगा।’

शाह ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ममता पर निशाना साधा

अमित शाह ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। शाह ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, “पिछले 15 वर्षों में ममता के शासन में यदि किसी को सबसे ज्यादा तकलीफ हुई है तो वे हमारी माताएं और बहनें हैं। आरजी कर, संदेशखाली, कलकत्ता लॉ कॉलेज और दुर्गापुर कॉलेज जैसी घटनाएं दिखाती हैं कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार हर जगह हुए हैं। और अब ‘दीदी’ कहती हैं कि महिलाओं को शाम सात बजे के बाद अपने घरों से बाहर नहीं निकलना चाहिए। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि पांच तारीख़ के बाद, एक युवा लड़की भी रात एक बजे बाहर निकल पाएगी, और किसी गुंडे की हिम्मत भी नहीं होगी कि वह उसकी तरफ आंख उठाकर भी देखे।”

गृह मंत्री ने दावा किया कि ‘कोई भी बीजेपी सीएम’ महिलाओं से यह नहीं कहता कि वे ‘शाम 7 बजे के बाद बाहर न निकलें’ और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में ‘नाकाम रहने’ के लिए ममता पर निशाना साधा।

महिला मुख्यमंत्री रहते महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में नाकाम

शाह ने आगे कहा, ‘देशभर में जिन भी राज्यों में भारतीय जनता पार्टी सत्ता में है, वहां के मुख्यमंत्री ने कभी यह नहीं कहा कि महिलाओं को शाम सात बजे के बाद अपने घरों से बाहर नहीं निकलना चाहिए। ममता दीदी, आपको शर्म आनी चाहिए। आप एक महिला मुख्यमंत्री हैं, फिर भी आप महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में नाकाम रही हैं। भारतीय जनता पार्टी वादा करती है कि अगर किसी गुंडे ने हमारी माताओं और बहनों की तरफ बुरी नजर से देखने की हिम्मत भी की, तो उसे जेल की सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code