रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी खुशखबरी – देश में अगले वर्ष स्लीपर वंदे भारत की लॉन्चिंग की तैयारी

नई दिल्ली, 21 जून। केंद्र सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट यानी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की देश में लगातार लॉन्चिंग की जा रही है और इस सेमी हाई स्पीड ट्रेन में अनवरत सुधार के उपाय भी किए जा रहे हैं। वर्तमान समय में चलाई जा रहीं वंदे भारत में यात्री बैठकर सफर कर सकते हैं। हालांकि, आने वाले दिनों में अगर आप लंबी दूरी की यात्रा करना चाहते हैं तो वंदे भारत में लेटकर मजे से सोते हुए भी जा सकेंगे। इस क्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों के बारे में कई अहम जानकारियां दी हैं।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि स्लीपर वंदे भारत ट्रेन का पहला बैच अगले वर्ष यानी 2024 के मार्च महीने में लॉन्च कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) चेन्नई स्लीपर वंदे भारत ट्रेन का डिजाइन दिसम्बर अंत तक तैयार कर लेगा। इसके बाद पहला बैच अगले साल मार्च तक बनकर तैयार हो जाएगा।’

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि निर्धारित शेड्यूल के हिसाब से कुल 22 स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों को बनाया जाएगा। ये स्लीपर वंदे भारत ट्रेनें रातभर की यात्रा और लंबी दूरी की यात्रा के लिए होगी। उन्होंने कहा कि और वंदे भारत ट्रेनों के लिए बोलियां पूरी होने के विभिन्न चरणों में हैं और स्थानीयकरण महत्वपूर्ण होगा।

गौरतलब है कि जो वंदे भारत ट्रेनें अभी चलाई जा रही हैं, उनमें दो तरह कोच हैं। एक चेयर कार और दूसरा एग्जीक्यूटिव चेयर कार। इसमें से चेयर कार कोच के टिकट के दाम कम और एग्जीक्यूटिव चेयर कार कोच के दाम ज्यादा होते हैं।

अभी देशभर के विभिन्न रूटों पर वंदे भारत ट्रेनों को चलाया जा रहा है, जिससे यात्रियों का न सिर्फ समय कम लग रहा है, बल्कि उन्हें कम कीमत पर हवाई जहाज जैसी सुविधाएं ट्रेन में मिल रही हैं। देश की सबसे पहले वंदे भारत ट्रेन फरवरी, 2019 में नई दिल्ली-वाराणसी वाया कानपुर लॉन्च की गई थी। उस समय इसकी टॉप स्पीड 160 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जिसे अब बढ़ाकर 180 तक कर दिया गया है। आने वाले समय में इसकी रफ्तार को और बढ़ाया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular