1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. जयपुर की रैली में गरजे राहुल – 2014 से हिन्दुत्ववादियों का राज, इन्हें बाहर निकाल हिन्दुओं को सत्ता में लाना है
जयपुर की रैली में गरजे राहुल – 2014 से हिन्दुत्ववादियों का राज, इन्हें बाहर निकाल हिन्दुओं को सत्ता में लाना है

जयपुर की रैली में गरजे राहुल – 2014 से हिन्दुत्ववादियों का राज, इन्हें बाहर निकाल हिन्दुओं को सत्ता में लाना है

0
Social Share

जयपुर, 12 दिसंबर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन वाली एनडीए सरकार पर जोरदार हमला करते हुए कहा है कि देश में 2014 से हिन्दुत्ववादी सत्ता में हैं, हिन्दू सत्ता से बाहर हैं। अब इन हिन्दुत्ववादियों को हटाकर हिन्दुओं को सत्ता में लाना है।

राजस्थान की राजधानी में रविवार को आयोजित कांग्रेस की महंगाई हटाओ रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ‘हमें डराया नहीं जा सकता, हम मौत से नहीं डरते हैं। हिन्दुत्ववादियों को सिर्फ सत्ता चाहिए, सत्य नहीं। उनका रास्ता सत्याग्रह नहीं, सत्ता ग्रह है। हिन्दू अपने डर का सामना करता है, वो शिव जी की तरह अपने डर को पी जाता है, लेकिन हिन्दुत्ववादी भय में जीता है।’

कांग्रेस की मेगा रेली मैं पूरा गांधी परिवार उपस्थित रहा

कांग्रेस की इस मेगा रैली में पूरा गांधी परिवार उपस्थित रहा। रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका सभी जयपुर पहुंचे। सोनिया लंबे समय बाद किसी रैली में नजर आईं। हालांकि सोनिया ने रैली को संबोधित नहीं किया। लेकिन विद्यानगर स्टेडियम में स्थापित विशाल मंच से राहुल और प्रियंका के अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसढ़ के सीएम भूपेश बघेल सहित कई दिग्गज नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला किया।

महात्मा गांधी हिन्दू थे और गोडसे हिन्दुत्वादी था

राहुल गांधी ने कहा कि दो शब्दों की आत्मा एक जैसी नहीं हो सकती है। ये दो शब्द हैं हिन्दू और हिन्दुत्ववादी। इन दो शब्दों की आत्मा एक जैसी नहीं हो सकती है। कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘मैं हिन्दू हूं, लेकिन हिन्दुत्ववादी नहीं हूं। इस देश में दो शब्दों की टक्कर है। एक शब्द हिन्दू और एक हिन्दुत्व है। ये दोनों एक शब्द नहीं हैं, ये अलग-अलग शब्द हैं। महात्मा गांधी हिन्दू थे और गोडसे हिन्दुत्वादी था।’

देश को जनता नहीं बल्कि 3-4 पूंजीपति चला रहे

कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की हालत आप सब को दिख रही है। यह रैली महंगाई और बेरोजगारी के बारे में है, लेकिन देश की जो आज हालत है, वो आज से पहले कभी नहीं हुई थी। हिन्दुस्तान के सब इंस्टीट्यूशन एक संगठन और एक हाथ में हैं। मंत्री के दफ्तर में आरएसएस के ओएसडी बैठे हैं। इस देश को जनता नहीं चला रही बल्कि 3-4 पूंजीपति चला रहे हैं।

प्रियंका बोलीं – पर्यटक प्रधानमंत्री किसानों से मिलने न जा पाए

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जो सरकार केंद्र में हैं, वह जनता की भलाई नहीं चाहती। हमारे पर्यटक प्रधानमंत्री अपने आवास से 10 किलोमीटर दूर किसानों से मिलने नहीं जा पाए, लेकिन पुरी दुनिया घूम आए। यह सरकार सिर्फ गिने चुने उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि 70 सालों की रट छोड़िए मोदी जी, आप ये बताइए कि आपने सात साल में क्या किया।

महंगाई हम सबकी लड़ाई है

प्रियंका ने कहा, ‘चुनाव ही आते बीजेपी हमसे चीन की बात करेगी, किसी और देश की बात करेगी, लेकिन रोजगार की बात नहीं करेगी, महंगाई की बात नहीं करेगी। आखिर देश में इतनी महंगाई क्यों है? आप को ये सवाल सरकार से पूछना चाहिए, क्योंकि ये आपकी जिम्मेदारी है? आप सरकार से एक मजबूत भविष्य मांगिए। महंगाई सिर्फ आपकी लड़ाई नहीं है, ये मेरी लड़ाई है, ये मेरे भाई राहुल गांधी की लड़ाई है, ये सोनिया गांधी की लड़ाई है। ये मंच पर बैठे हर एक कांग्रेसी की लड़ाई है।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code