राहुल, प्रियंका और खड़गे ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर वैज्ञानिकों को दी बधाई, कहा – यह जबर्दस्त प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम

नई दिल्ली, 23 अगस्त। कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के नए चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की सफलता के लिए वैज्ञानिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह वैज्ञानिक समुदाय की दशकों की जबर्दस्त प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम है।

उल्लेखनीय है कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस एलएम ने बुधवार की शाम पूर्व निर्धारित समय 6 बजकर चार मिनट पर साफ्ट लैंडिग की। इसके साथ ही भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में नया इतिहास रचने में सफल हो गया क्योंकि अब तक किसी भी देश का चंद्र मिशन चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुप पर नहीं उतर सका था।

कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने वैज्ञानिकों का आभार जताया। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ‘चंद्रयान-3 की सफलता प्रत्येक भारतीय की सामूहिक सफलता है। 140 करोड़ आकांक्षाओं वाले उत्साहित राष्ट्र ने आज अपने छह दशक लंबे अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक और उपलब्धि देखी। हम अपने वैज्ञानिकों, अंतरिक्ष इंजीनियरों, शोधकर्ताओं और इस मिशन को भारत की जीत बनाने में शामिल सभी लोगों की उल्लेखनीय कड़ी मेहनत, अद्वितीय सरलता और दृढ़ समर्पण के प्रति गहराई से आभारी हैं।’

राहुल गांधी ने एक्स पर कहा, ‘आज की अग्रणी उपलब्धि के लिए टीम इसरो को बधाई। चंद्रमा के अज्ञात दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग हमारे वैज्ञानिक समुदाय की दशकों की जबरदस्त प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम है। 1962 के बाद से भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नई ऊंचाइयों को छू रहा है और युवा सपने देखने वालों की पीढ़ियों को प्रेरित कर रहा है।’

वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने सभी वैज्ञानिकों और देशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने एक्स पर कहा, ‘1962 में शुरू हुए भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम ने आज चंद्रयान-3 के रूप में एक नई ऊंचाई तय की। पूरा देश आज भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की इस गौरवशाली यात्रा पर गर्व महसूस कर रहा है। सभी देशवासियों के लिए खुशी का क्षण है। सभी वैज्ञानिकों व देशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं। जय हिन्द। जय भारत।’

RELATED ARTICLES

Most Popular