राहुल गांधी ने कोलंबिया में भारत के लोकतंत्र पर की टिप्पणी तो भाजपा ने यूं दिया जवाब
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक बार फिर अपनी विदेश यात्रा के दौरान भारत के लोकतंत्र पर टिप्पणी की है। कोलंबिया की EIA विश्विद्यालय में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि भारत पर सबसे बड़ा खतरा लोकतंत्र पर हो रहा हमला है। भारत में कई धर्म, परंपराएं और भाषाएं हैं. लोकतांत्रिक व्यवस्था में सबको जगह मिलती है। लेकिन इस वक्त लोकतांत्रिक व्यवस्था पर चौतरफा हमला हो रहा है। फिलहाल चीन की तरह भारत अपने लोगों को दबा कर नहीं चल सकता।
भारत दुनिया को बहुत कुछ दे सकता है, लेकिन कुछ खतरे भी हैं
राहुल गांधी ने भारत की खूबियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में तमाम संभावनाएं हैं। चीन से ज्यादा आबादी है। चीन की केंद्रित व्यवस्था की जगह भारत विकेंद्रित है और विविधता से भरा है। भारत में काफी जटिल व्यवस्था है। भारत की ताकत चीन से अलग है। भारत में पुरानी आध्यात्मिक और वैचारिक परंपरा भी है, जो आज की दुनिया के लिए काफी उपयोगी है। भारत दुनिया को बहुत कुछ दे सकता है, लेकिन कुछ खतरे भी हैं। इनमें लोकतंत्र पर हमला सबसे बड़ा खतरा है।
मौजूदा समय भारत में लोकतंत्र पर हर तरफ से हमला हो रहा
भारत की वैश्विक भूमिका पर पूछे गए सवाल के जवाब में कांग्रेस नेता ने कहा, ‘भारत की 1.4 अरब की आबादी में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन भारत का ढांचा चीन से बिल्कुल अलग है। चीन एक केंद्रीकृत और एकरूप प्रणाली वाला देश है जबकि की व्यवस्था कहीं अधिक जटिल है। भारत में अनेक भाषाएं, संस्कृतियां, परंपराएं और धर्म हैं। भारत लोकतांत्रिक प्रणाली इन सभी को स्थान देती है, लेकिन अभी भारत में लोकतंत्र पर हर तरफ से हमला हो रहा है।’
राहुल गांधी ने कहा कि भारत दुनिया को बहुत कुछ दे सकता है और वह बहुत आशावादी हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘भारतीय संरचना में भी कई कमियां हैं, कुछ जोखिम हैं, जिनसे भारत को पार पाना होगा। सबसे बड़ा जोखिम लोकतंत्र पर हो रहा हमला है।’
‘भारत में आर्थिक विकास के बावजूद हम रोजगार देने में असमर्थ’
इंजीनियरिंग के छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘भारत, चीन का पड़ोसी और अमेरिका का घनिष्ठ साझेदार है। हम बिल्कुल उस जगह पर बैठे हैं, जहां ताकतें आपस में टकरा रही हैं।’ अमेरिका के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ध्रुवीकरण अभियान ज्यादातर बेरोजगारों पर केंद्रित है। वहीं भारत में आर्थिक विकास के बावजूद हम रोजगार देने में असमर्थ हैं क्योंकि हमारी अर्थव्यवस्था सेवा-आधारित है और हम उत्पादन करने में असमर्थ हैं।’
भाजपा प्रवक्ता ने कहा – प्रोपेगेंडा नेता की तरह राहुल का व्यवहार
इस बीच भाजपा ने राहुल गांधी पर पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक्स पर कहा, ‘एक बार फिर, राहुल गांधी विपक्ष के नेता – यानी प्रोपेगेंडा के नेता की तरह व्यवहार कर रहे हैं। विदेश जाकर भारतीय लोकतंत्र पर हमला करते हैं! आखिरकार, वह भारतीय राज्य से ही तो लड़ना चाहते हैं, लेकिन कभी अमेरिका और ब्रिटेन से हमारे मामलों में दखल देने की मांग करते हैं, और अब यह। शिवसेना से लेकर न्यायपालिका, संविधान और सनातन तक।’
