1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को लेकर राहुल गांधी का प्रहार – सत्ता की सनक में लोकतंत्र तबाह कर रही भाजपा
हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को लेकर राहुल गांधी का प्रहार – सत्ता की सनक में लोकतंत्र तबाह कर रही भाजपा

हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को लेकर राहुल गांधी का प्रहार – सत्ता की सनक में लोकतंत्र तबाह कर रही भाजपा

0
Social Share

नई दिल्ली, 31 जनवरी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कथित भूमि सौदे से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर हमला बोला और कहा कि ED, CBI और IT अब इनकी साथी हो गई है।

ED-CBI-IT अब विपक्ष मिटाओ सेल

संप्रति कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की अगुआई कर रहे राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग आदि अब सरकारी एजेंसियां नहीं रहीं, अब ये भाजपा की ‘विपक्ष मिटाओ सेल’ बन चुकी हैं। खुद भ्रष्टाचार में डूबी भाजपा सत्ता की सनक में लोकतंत्र को तबाह करने का अभियान चला रही है।”

हेमंत सोरेन को ईडी ने किया गिरफ्तार

उल्लेखनीय है कि ईडी ने भूमि सौदे से जुड़े मनी लॉड्रिंग मामले में लगभग आठ घंटे की पूछताछ के बाद हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से पहले उन्होंने राजभवन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। केंद्रीय जांच एजेंसी सोरेन को गुरुवार (एक फरवरी) को कोर्ट में पेश करेगी।

प्रियंका गांधी बोलीं – जनता हर जुल्म का जवाब देगी

वहीं राहुल गांधी के बाद उनकी बहन व कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी केंद्र सरकार पर हमला करते हुए X पर लिखा, ‘विपक्ष मुक्त संसद, लोकतंत्र मुक्त भारत, सवाल मुक्त मीडिया और सौहार्द मुक्त जनता – भाजपा सरकार का यही लक्ष्य है। सारे राज्यों में एक-एक करके सरकारें गिराई जा रही हैं। विपक्षी नेताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। जो भाजपा में नहीं जाएगा, वह जेल जाएगा।’

प्रियंका गांधी ने यह भी कहा, ‘झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी को ED लगाकर प्रताड़ित करना और उन्हें इस्तीफा देने पर मजबूर करना, इसी कुत्सित अभियान का हिस्सा है। भाजपा को यह भ्रम है कि वह 140 करोड़ लोगों की आवाज को कुचल सकती है। जनता हर जुल्म का जवाब देगी।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code