राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, बोले – ‘निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार मनमोहन सिंह का अपमान’

नई दिल्ली, 28 दिसम्बर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी के निगम बोध घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री का अंतिम संस्कार डॉ. मनमोहन सिंह का अपमान है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इसे पूर्व प्रधानमंत्रियों के प्रति सम्मान की परंपरा का उल्लंघन करार दिया है।

राहुल गांधी ने X पर एक पोस्ट में कहा, ‘भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का अंतिम संस्कार आज निगमबोध घाट पर करवाकर वर्तमान सरकार द्वारा उनका सरासर अपमान किया गया है। एक दशक के लिए वह भारत के प्रधानमंत्री रहे, उनके दौर में देश आर्थिक महाशक्ति बना और उनकी नीतियां आज भी देश के गरीब और पिछड़े वर्गों का सहारा हैं।’

‘सरकार को उनकी गौरवशाली कौम के प्रति आदर दिखाना चाहिए था

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘आज तक सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों की गरिमा का आदर करते हुए उनके अंतिम संस्कार अधिकृत समाधि स्थलों में किए गए ताकि हर व्यक्ति बिना किसी असुविधा के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दे पाए। डॉ. मनमोहन सिंह हमारे सर्वोच्च सम्मान और समाधि स्थल के हकदार हैं। सरकार को देश के इस महान पुत्र और उनकी गौरवशाली कौम के प्रति आदर दिखाना चाहिए था।’

मनमोहन सिंह को भाजपा सरकार 1000 गज जमीन भी न दे सकी – केजरीवाल

वहीं दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार को घेरते हुए x पर एक पोस्ट में कहा, ये खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का अंतिम संस्कार निगम बोध घाट पर किया गया। इसके पूर्व भारत के सभी प्रधानमंत्रियों का अंतिम संस्कार राजघाट पर किया जाता था। सिख समाज से आने वाले, पूरी दुनिया में ख्याति प्राप्त, 10 वर्ष भारत के प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह जी के अंतिम संस्कार और समाधि के लिए भाजपा सरकार 1000 गज जमीन भी न दे सकी।

पूर्व पीएम को बड़ी बेटी उपिंदर ने दी मुखाग्नि

इससे पहले दिवंगत नेता डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगम बोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनकी बड़ी बेटी उपिंदर सिंह ने चिता को मुखाग्नि दी। पूर्व पीएम की अंत्येष्टि में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी सहित अनेक नेता मौजूद रहे। भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफुल समेत कई विदेशी मेहमानों ने भी निगम बोध घाट पहुंचकर पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी।

RELATED ARTICLES

Most Popular