महागठबंधन की करारी हार पर बोले राहुल गांधी – शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था बिहार चुनाव, नतीजे भी चौंकाने वाले

नई दिल्ली, 15 नवम्बर। बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने जहां 202 सीटों के साथ ऐतिहासिक जीत हासिल की है वहीं महागठन को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। इन नतीजों को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने चौंकाने वाला बताया है। उन्होंने साथ ही यह भी कहा है कि महागठबंधन एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सका, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘मैं बिहार के उन करोड़ों मतदाताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने महागठबंधन पर अपना विश्वास जताया। बिहार का यह परिणाम वाकई चौंकाने वाला है। हम एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था। यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है। कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन इस परिणाम की गहराई से समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के अपने प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।’

चुनाव परिणाम पर एक नजर

उल्लेखनीय है कि चुनावी नतीजों में एनडीए 202 के आंकड़े पर है जबकि महागठबंधन महज 35 सीटों पर सिमट कर रह गया। प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी का खाता भी नहीं खुल सका। एनडीए में सबसे भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं, जेडीयू ने 85 सीटें जीतीं। महागठबंधन में आरजेडी ने 25 सीटें जीतीं जबकि कांग्रेस को छह सीटों से संतोष करना पड़ा।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘हम बिहार की जनता के फैसले का सम्मान करते हुए ऐसी ताक़तों के खिलाफ़ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे, जो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को कमजोर करने में जुटी हैं। हम चुनाव के परिणामों का गहराई से अध्ययन करेंगे और नतीजों के कारणों को समझने के बाद विस्तृत बात रखेंगे। बिहार में जिन मतदाताओं ने महागठबंधन का साथ दिया है, उनके हम तहे दिल से आभारी है। कांग्रेस के हर कार्यकर्ता से कहना चाहता हूं कि आपको हतोत्साहित होने की ज़रूरत नहीं। आप हमारी आन-बान-शान है। आपकी कड़ी मेहनत हमारी ताकत है। हम जनता को जागरूक करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। जनता के बीच रहकर संविधान और लोकतंत्र को बचाने का संघर्ष जारी रखेंगे। यह लड़ाई लंबी है – और हम इसे पूरी निष्ठा, साहस और सत्य के साथ लड़ेंगे।’

कांग्रेस ने लगाया वोट चोरी का आरोप

इस बीच बिहार में हार के बाद कांग्रेस ने चुनाव में वोट चोरी का आरोप भी लगाया। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया कि निस्संदेह, बिहार के चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, और चुनाव आयोग द्वारा रची गई वोट चोरी को बड़े पैमाने पर दर्शाते हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस संविधान की रक्षा और लोकतंत्र को बचाने के अपने अभियान को और अधिक मजबूती के साथ जारी रखने के अपने संकल्प को दोहराती है।’ इसके अलावा पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि चोर तो छिप कर चोरी करते हैं। लेकिन जो बिहार में हुआ है, यह खुलेआम डाका है।

RELATED ARTICLES

Most Popular