पंजाब : राहुल गांधी ने सिद्धू मूसेवाला के घर पहुंचकर पंजाबी गायक को दी श्रद्धांजलि, पिता को गले लगाकर दी सांत्वना

चंडीगढ़, 7 जून। कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के मानसा में मूसा गांव स्थित आवास पर पहुंचे और एक शोक सभा में भी शामिल हुए। राहुल गांधी ने सिद्दू मूसेवाला के पिता बलकॉर सिंह के गले लकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उनके साथ कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद थे।

गौरतलब है कि सिद्धू मूसेवाला विधानसभा चुनाव से कुछ वक्‍त पहले ही कांग्रेस में शामिल हुए थे और उन्‍होंने विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था। उनकी गत 28 मई को जघन्य हत्‍या कर दी गई थी।

मानसा जिला बार एसोसिएशन का एलान : सिद्धू के कातिलों का केस नहीं लड़ेंगे

इस बीच मानसा जिला बार एसोसिएशन ने सिद्धू मूसेवाला के कातिलों का केस न लड़ने का एलान किया है। वहीं, मूसेवाला का केस बार एसोसिएशन नि:शुल्क लड़ेगी। इस बाबत आज एडवोकेट बिमलजीत सिंह, सर्वजीत सिंह वालिया, रनदीप शर्मा, ललित अरोड़ा, सतिंदरपाल सिंह मित्तल, जगतार सिंह और गुरदास सिंह मान का एक पैनल गठित किया गया है।

ज्ञातव्य रहे कि सिद्धू मूसेवाला का परिवार अपने बेटे की हत्या के मामले में गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर सीबीआई जांच की मांग कर चुका है। वहीं गृहमंत्री शाह ने भी मूसेवाला के परिवार को उचित काररवाई का भरोसा दिया था।

RELATED ARTICLES

Most Popular