राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर फिर बोला हमला – आगामी दिनों 4 सेक्टरों में महंगाई बढ़ने की दी चेतावनी
नई दिल्ली, 21 मार्च। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने निकट भविष्य में चार सेक्टरों में महंगाई बढ़ने की चेतावनी दी है और शेयर बाजार को लेकर भी भविष्यवाणी की है।
शेयर बाजार को लेकर भी की भविष्यवाणी
राहुल गांधी ने इसी क्रम में कहा कि मोदी सरकार के पास न दिशा है, न रणनीति, सिर्फ बयानबाजी है। सरकार चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतें भी बढ़ाएगी। उन्होंने उत्पादन और ट्रांसपोर्ट में भी महंगाई की ओर इशारा किया।
रुपये का डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर 100 की तरफ बढ़ना और इंडस्ट्रियल फ्यूल की कीमतों में तेज़ बढ़ोतरी – ये सिर्फ आंकड़े नहीं, आने वाली महंगाई के साफ संकेत हैं।
सरकार चाहे इसे “नॉर्मल” बताए, लेकिन हकीकत ये है:
• उत्पादन और ट्रांसपोर्ट महंगे होंगे
• MSMEs को सबसे ज्यादा चोट…— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) March 21, 2026
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, ‘रुपये का डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर 100 की तरफ बढ़ना और इंडस्ट्रियल फ्यूल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी – ये सिर्फ आंकड़े नहीं, आने वाली महंगाई के साफ संकेत हैं। सरकार चाहे इसे ‘नॉर्मल’ बताए, लेकिन हकीकत यही है।
- उत्पादन और ट्रांसपोर्ट महंगे होंगे
- MSMEs को सबसे ज्यादा चोट लगेगी
- रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ेंगे
- FII का पैसा और तेजी से बाहर जाएगा, जिससे शेयर बाजार पर दबाव बढ़ेगा
यानी, हर परिवार की जेब पर इसका सीधा और गहरा असर पड़ना तय है। और यह सिर्फ वक्त की बात है – चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल, LPG की कीमतें भी बढ़ा दी जाएंगी। मोदी सरकार के पास न दिशा है, न रणनीति – सिर्फ बयानबाजी है। सवाल यह नहीं कि सरकार क्या कह रही है – सवाल यह है कि आपकी थाली में क्या बचा है।
पहले भी मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं राहुल
राहुल गांधी ने इससे पहले भी मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था, ‘मेरे संसद में बोलने पर मेरा माइक बंद कर दिया गया। मैंने कहा कि सरकार भारत की ऊर्जा सुरक्षा से समझौता किया है – तो फिर माइक बंद कर दिया गया। मैंने मोदी जी का नाम एपस्टीन फाइल में होने का जैसे ही जिक्र किया – माइक बंद कर दिया गया। मैंने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और एपस्टीन से जुड़े सवाल उठाए – माइक बंद कर दिया गया। मैंने उनकी बेटी की कम्पनी में सोरोस के पैसे लगे होने पर बात करने की कोशिश की – माइक बंद कर दिया गया। सौ बातों की एक बात, जो दबाए न दबेगी, प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप के सामने सरेंडर कर दिया।’
