स्विस ओपन बैडमिंटन : पीवी सिंधु ने जीता महिला एकल खिताब, पुरुष एकल फाइनल में हारे प्रणय

बासेल (स्विट्जरलैंड), 27 मार्च। भारत की शीर्षस्थ महिला शटलर पी.वी.सिंधु ने रविवार को यहं योनेक्स स्विस ओपन 2022 बैडमिंटन टूर्नामेंट की महिला एकल उपाधि जीत ली। लेकिन पुरुष एकल में अनुभवी एच.एस. प्रणय को उपजेता रहना पड़ा।

थाई स्पर्धी बुसानन को हरा वर्ष का दूसरा सुपर300 खिताब

सेंट जैकबशाल परिसर के कोर्ट नंबर एक पर खेले गए फाइनल में दूसरी सीड लेकर उतरीं 26 वर्षीया सिंधु ने चतुर्थ वरीय थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान को 49 मिनट में 21-16, 21-8 से परास्त किया और वर्ष की दूसरी सुपर 300 उपाधि अपने नाम की। उन्होंने गत जनवरी में सैयद मोदी इंटरनेशनल खिताब जीता था।

बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में सातवें क्रम पर काबिज गत उपजेता सिंधु को 11वीं रैंकिंग की बुसानन ने पहले गेम में कड़ी चुनौती दी। लेकिन दूसरे गेम में ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारतीय स्टार ने थाई खिलाड़ी को सिर्फ आठ अंक दिए और पहली बार स्विस ओपन में सर्वजेता का गौरव आर्जित किया। बुसानन से 17वीं मुलाकात में सिंधु की यह 16वीं जीत थी।

प्रणय फाइनल में इंडोनेशियाई क्रिस्टी से हारे

उधर पुरुष एकल फाइनल में गैर वरीयता प्राप्त 29 वर्षीय प्रणय चतुर्थ सीड इंडोनेशियाई जोनाथन क्रिस्टी के हाथों 48 मिनट में 12-21, 18-21 से हार गए। विश्व रैंकिंग में आठवें नंबर पर काबिज 24 वर्षीय क्रिस्टी को प्रणय ने दूसरे गेम में काफी दौड़ाया, लेकिन वह मुकाबले को तीसरे गेम में नहीं ले जा सके और इंडोनेशियाई स्पर्धा से आठ मुलाकातों में उन्हें पाचंवीं पराजय झेलनी पड़ी।

क्रिस्टी ने सेमीफाइनल में किदाम्बी श्रीकांत को हराया था

क्रिस्टी ने शनिवार की शाम सेमीफाइनल में सातवें वरीय भारतीय स्टार किदाम्बी श्रीकांत को 55 मिनट के संघर्ष के बाद 18-21, 21-7, 21-13 से हराकर पुरुष एकल फाइनल को भारत का घरेलू मामला बनने से रोक दिया था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular