1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित का इस्तीफा, निजी कारणों का दिया हवाला
पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित का इस्तीफा, निजी कारणों का दिया हवाला

पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित का इस्तीफा, निजी कारणों का दिया हवाला

0
Social Share

चंडीगढ़, 3 फरवरी। पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित  ने शनिवार को ‘निजी कारणों’ का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पुरोहित ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को प्रेषित पत्र में कहा, ‘व्यक्तिगत कारणों और कुछ अन्य प्रतिबद्धताओं की वजह से मैं पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक के पद से इस्तीफा दे रहा हूं। कृपया इसे स्वीकार करें।’

पुरोहित का सीएम भगवंत के साथ लगातार रहा है मतभेद

पुरोहित ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। पुरोहित और पंजाब में सत्तारूढ़ ‘आप’ सरकार के बीच घमासान के बीच यह इस्तीफा आया है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को कई पत्र लिखकर राज्य से संबंधित कई मुद्दों पर स्पष्टीकरण मांगा था।

विधानसभा सत्र आयोजित करने और कुलपतियों की नियुक्तियों सहित कई मुद्दों पर पुरोहित का पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मतभेद रहा है। पुरोहित ने मान को भेजे अपने आधिकारिक पत्रों को ‘प्रेम पत्र’ कहे जाने पर भी आपत्ति जताई थी।

अगस्त, 2021 में नियुक्त किए गए पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक

उल्लेखनीय है कि पुरोहित को अगस्त, 2021 में पंजाब का राज्यपाल और चंडीगढ़ का प्रशासक नियुक्त किया गया था। इससे पहले पुरोहित 2016 से 2017 तक असम के राज्यपाल और 2017 से 2021 तक तमिलनाडु के राज्यपाल रहे चुके हैं। पुरोहित 1984, 1989 और 1996 में नागपुर से तीन बार लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code