1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद आंदोलन तेज, अभिजीत दिपके ने शुरू किया अनशन
सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद आंदोलन तेज, अभिजीत दिपके ने शुरू किया अनशन

सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद आंदोलन तेज, अभिजीत दिपके ने शुरू किया अनशन

0
Social Share

नई दिल्ली, 18 जुलाई। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार को दिल्ली पुलिस द्वारा इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाने के बाद जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन नए चरण में पहुंच गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने घोषणा की कि वह अब स्वयं अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे और 20 जुलाई को संसद तक मार्च निकाला जाएगा।

‘सोनम सर को हटाने से आंदोलन खत्म नहीं होगा’

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अभिजीत दिपके ने कहा कि सोनम वांगचुक को वहां से हटाने से आंदोलन समाप्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वह शनिवार से अपना अनशन शुरू कर रहे हैं और 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक प्रस्तावित मार्च भी तय कार्यक्रम के अनुसार निकाला जाएगा।

पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

पत्रकारों से बातचीत में दिपके ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सोनम वांगचुक को जबरन वहां से ले जाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें जंतर-मंतर जाने से रोका गया, उनके साथ मारपीट की गई और सड़क पर घसीटा गया। दिपके ने यह भी आरोप लगाया कि कई विधायकों और सांसदों को भी प्रदर्शन स्थल में प्रवेश नहीं करने दिया गया। उन्होंने देशभर के लोगों से आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचने की अपील भी की।

दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश, सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति और डॉक्टरों की सलाह के आधार पर की गई है। उन्होंने बताया कि सोनम वांगचुक को आवश्यक उपचार के लिए एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वह चिकित्सकीय निगरानी में हैं।

पुलिस ने सहयोग की अपील की

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से सरकारी कार्य में बाधा न डालने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सभी कदम अदालत के आदेशों और चिकित्सकीय सलाह के अनुरूप उठाए गए हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code