Constitution Day 2025: प्रधानमंत्री मोदी और खरगे ने देशवासियों को दी संविधान दिवस की बधाई, जानें क्या कहा…

नई दिल्ली, 26 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को देशवासियों को संविधान दिवस की बधाई दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘सभी देशवासियों को भारतीय संविधान की 75वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर संविधान दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।’’

क्या बोले खरगे

खरगे ने कहा, “आज संविधान को अपनाने का 75वां वर्ष शुरू हो गया है। मैं इस ऐतिहासिक अवसर पर सभी भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। हमारे पूर्वजों द्वारा बड़ी मेहनत और सावधानी से तैयार किया गया भारत का संविधान हमारे राष्ट्र की जीवनरेखा है। यह हमें सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अधिकारों की गारंटी देता है। यह भारत को एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बनाता है। न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व केवल आदर्श या विचार नहीं हैं, ये हम 140 करोड़ भारतीयों के लिए जीवन जीने का तरीका हैं।”

उन्होंने कहा, “आज हम संविधान सभा और उसके विपुल सदस्यों के जबरदस्त योगदान को याद करते हैं। हम उनकी दूरदर्शिता और बुद्धिमत्ता के हमेशा ऋणी रहेंगे। संविधान को अपनाने के 75वें वर्ष में भारत के अंतर्निहित दर्शन की रक्षा के संघर्ष को राष्ट्रीय आंदोलन के युग की तरह फिर से जीवंत और प्रज्वलित किया जाना चाहिए।”

भारत के संविधान को 1949 में आज ही के दिन अंगीकार किया गया था। इस साल संविधान को अंगीकार किए जाने के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर पुराने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष, जिसे अब संविधान सदन कहा जाता है, में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, संसद सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular