राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा –  बढ़ती आबादी से सिकुड़ रहीं नदियां, जल प्रबंधन के लिए संयुक्त प्रयास की जरूरत

नोएडा, 1 नवम्बर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जल प्रबंधन को नितांत आवश्यक बताते हुए मंगलवार को कहा कि इसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त प्रयास की आवश्यकता है। उन्होंने जल संसाधन के संरक्षण और उपयोग के बारे में जागरूकता लाने के लिए ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में मंगलवार को भारत जल सप्ताह के सातवें संस्करण का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही।

राष्ट्रपति मुर्मू ने जल के मुद्दे को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा बताते हुए कहा कि उपलब्ध पेयजल का हिस्सा दो या उससे अधिक देशों के बीच फैला हुआ है और इसलिए इसका किसी भी देश के खिलाफ हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।

मुर्मू ने कहा, ‘जल संयोजन और प्रबंधन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होना चाहिए। बढ़ती जनसंख्या के कारण नदियां सिकुड़ रही हैं और जल प्रबंधन एवं संयोजन के लिए संयुक्त प्रयास की आवश्यकता है।’ राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर नोएडा में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे।

सातवें भारत जल सप्ताह की थीम है, ‘‘टिकाऊ विकास और समानता के लिए जल सुरक्षा’। समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और जल शक्ति राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल व विश्वेश्वर टुडू सहित कई नामचीन हस्तियों ने भाग लिया।

नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न देशों के 2,000 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular