1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. राष्ट्रपति मुर्मू ने दिए खेल पुरस्कार, सात्विक-चिराग को ‘खेल रत्न’, मो. शमी सहित 19 खिलाड़ियों को अर्जुन अवार्ड
राष्ट्रपति मुर्मू ने दिए खेल पुरस्कार, सात्विक-चिराग को ‘खेल रत्न’, मो. शमी सहित 19 खिलाड़ियों को अर्जुन अवार्ड

राष्ट्रपति मुर्मू ने दिए खेल पुरस्कार, सात्विक-चिराग को ‘खेल रत्न’, मो. शमी सहित 19 खिलाड़ियों को अर्जुन अवार्ड

0
Social Share

नई दिल्ली, 9 जनवरी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खेल के क्षेत्र में असाधारण प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार मेजर ध्यानचंद ‘खेल रत्न’ और अर्जुन अवार्ड सहित अन्य पुरस्कार वितरित किए।

राष्ट्रपति मुर्मू ने इस क्रम में राष्ट्रमंडल खेलों व एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और BWF विश्व युगल रैंकिंग में मौजूदा नंबर दो टीम के सदस्य ख्यातिनाम भारतीय शटलर सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को मेजर ध्यानचंद ‘खेल रत्न’ पुरस्कार प्रदान किया। हालांकि दोनों खिलाड़ी इस समय कुआलालंपुर में मलेशियाई ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में व्यस्त हैं।

वहीं राष्ट्रपति ने मो. शमी सहित 19 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार प्रदान किए। 33 वर्षीय तेज गेंदबाज मो. शमी ने वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने वनडे विश्व कप में सिर्फ सात मैच खेले थे, लेकिन सबसे ज्यादा 24 विकेट हासिल किए थे। भारत इस टूर्नामेंट के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गया था।

शमी के अलावा अर्जुन अवार्ड पाने वाले अन्य खिलाड़ियों में हॉकी के लिए कृष्ण बहादुर पाठक और सुशीला चानू, तीरंदाज ओजस प्रवीण देवताले और अदिति गोपीचंद स्वामी, मुक्केबाज मोहम्मद हुसामुद्दीन, शतरंज खिलाड़ी आर वैशाली, गोल्फर दीक्षा डागर, निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, पहलवान अंतिम पंघाल,एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता वुशू खिलाड़ी नाओरेम रोशिबिना देवी और टेबल टेनिस खिलाड़ी अयहिका मुखर्जी शामिल हैं।

प्रशिक्षकों को मिलने वाले द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए गणेश प्रभाकरन (मल्लखंभ), महावीर सैनी (पैरा एथलेटिक्स), ललित कुमार (कुश्ती), आरबी रमेश (शतरंज) और शिवेंद्र सिंह (हॉकी) को नामांकित किया गया है। ध्यानचंद जीवन पर्यंत पुरस्कार के लिए कविता (कबड्डी), मंजूषा कंवर (बैडमिंटन) और विनीत कुमार शर्मा (हॉकी) को दिया गया है।

विभिन्न पुरस्कारों की सूची इस प्रकार है :

मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार

  • सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी (बैडमिंटन)।

अर्जुन पुरस्कार

  • मोहम्मद शमी (क्रिकेट)।
  • अजय रेड्डी (दृष्टिबाधित क्रिकेट)।
  • ओजस प्रवीण देवताले और अदिति गोपीचंद स्वामी (तीरंदाजी)।
  • शीतल देवी (पैरा तीरंदाजी)।
  • पारुल चौधरी और एम श्रीशंकर (एथलेटिक्स)।
  • मोहम्मद हुसामुद्दीन (मुक्केबाजी)।
  • आर वैशाली (शतरंज)।
  • दिव्यकृति सिंह और अनूष अग्रवाल (घुड़सवारी)।
  • दीक्षा डागर (गोल्फ)।
  • कृष्ण बहादुर पाठक और सुशीला चानू (हॉकी)।
  • पिंकी (लॉन बॉल)।
  • ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर (निशानेबाजी)।
  • अंतिम पंघाल (कुश्ती)।
  • अयहिका मुखर्जी (टेबल टेनिस)।
  • नाओरेम रोशिबिना देवी (वुशू)।

ध्यानचंद जीवन पर्यंत पुरस्कार

  • कविता (कबड्डी)।
  • मंजूषा कंवर (बैडमिंटन) विनीत कुमार शर्मा (हॉकी)।

द्रोणाचार्य पुरस्कार

  • गणेश प्रभाकरन (मल्लखंब)।
  • महावीर सैनी (पैरा एथलेटिक्स)।
  • ललित कुमार (कुश्ती)।
  • आरबी रमेश (शतरंज)
  • शिवेंद्र सिंह (हॉकी)।
Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code