1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटाने की तैयारी : युमनाम खेमचंद सिंह होंगे राज्य के नए मुख्यमंत्री
मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटाने की तैयारी : युमनाम खेमचंद सिंह होंगे राज्य के नए मुख्यमंत्री

मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटाने की तैयारी : युमनाम खेमचंद सिंह होंगे राज्य के नए मुख्यमंत्री

0
Social Share

नई दिल्ली, 3 फरवरी। जातीय हिंसा के चलते पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद पिछले लगभग एक वर्ष से लागू राष्ट्रपति शासन को हटाने की रूपरेखा लगभग तैयार हो चुकी है। इस क्रम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता युमनाम खेमचंद सिंह को राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को हुई मणिपुर बीजेपी विधायक दल की बैठक में विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इसके साथ ही वह मणिपुर के नए मुख्यमंत्री होंगे।

मणिपुर के निर्वाचित भाजपा विधायकों की बैठक आज शाम करीब पांच बजे भाजपा मुख्यालय में हुई, जिसमें युमनाम खेमचंद को विधायक दल का नेता चुना गया। यह जिम्मेदारी उन्हें ऐसे अहम समय में मिली है, जब राज्य में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पार्टी अपने नेतृत्व को मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

सिंगजामेई विधानसभा क्षेत्र से दो बार के विधायक है युमनाम खेमचंद

युमनाम खेमचंद सिंह दो बार के विधायक हैं। वह 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में सिंगजामेई विधानसभा क्षेत्र से चुने गए थे, जिससे राज्य की राजधानी क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ साफ झलकती है।

2017 में बने मणिपुर विधानसभा के अध्यक्ष

मार्च, 2017 में वह मणिपुर विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए थे और 2022 तक पूरे पांच साल तक इस पद पर रहे। विधानसभा अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल राजनीतिक रूप से संवेदनशील दौर में सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने के लिए जाना जाता है।

कैबिनेट मंत्री के तौर पर कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं

2022 के विधानसभा चुनाव के बाद युमनाम खेमचंद सिंह को दूसरी बीरेन सिंह सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया। उन्हें नगर प्रशासन, आवास एवं शहरी विकास, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज और शिक्षा जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इन विभागों के तहत उन्होंने शहरी प्रशासन सुधार, ग्रामीण विकास योजनाओं और शिक्षा क्षेत्र के प्रशासन से जुड़े कार्यों में भूमिका निभाई। फरवरी, 2025 में मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू होने तक युमनाम खेमचंद सिंह कैबिनेट मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं देते रहे।

उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने 9 फरवरी, 2025 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद मणिपुर विधानसभा को भंग कर दिया गया और 13 फरवरी 2025 को राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया।

मणिपुर विधानसभा की दलगत स्थिति

मणिपुर विधानसभा में कुल 60 सदस्य हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के 32 विधायक हैं, JDU के छह, NPF के पांच, KPA के दो और NPP के सात विधायक शामिल हैं। हालांकि NPP ने बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था। विपक्ष की बात करें तो कांग्रेस के पांच विधायक हैं जबकि तीन निर्दलीय विधायक हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code