विश्व मुक्केबाजी कप : प्राची ने ओलम्पिक कांस्य विजेता शिह यी वू को चौंकाया, भारत के 6 पदक पक्के

गुइयांग (चीन), 19 जून। भारतीय मुक्केबाज प्राची ने शुक्रवार को यहां 57 किलोग्राम भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए पेरिस ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता चीनी ताइपे की शिह यी वू को चौंका दिया और 4-1 की उलटफेरयुक्त जीत से सेमीफाइनल में जगह बना ली। इसके साथ ही भारत ने विश्व मुक्केबाजी कप 2026 के दूसरे चरण में छह पदक पक्के कर लिए।

मीनाक्षी ने मौजूदा विश्व चैम्पियन कजाख मुक्केबाज को शिकस्त दी

प्राची के अलावा 48 किग्रा में मौजूदा विश्व नंबर एक मुक्केबाज मीनाक्षी ने 51 किग्रा ओलंपिक वर्ग में जोर आजमाने का फैसला किया और मौजूदा विश्व चैम्पियन (2025) और दुनिया की तीसरे नंबर की मुक्केबाज कजाखस्तान की अलुआ बाल्किबेकोवा को 5-0 से हराकर अहम जीत दर्ज की।

दीपक व निखिल भी सेमीफाइनल में

उधर पुरुषों के वर्ग में दीपक (70 किग्रा) ने संयमित प्रदर्शन करते हुए अजरबेजान के नबी इस्गंदारोव को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया। निखिल (55 किग्रा) ने भी अजरबेजान के अमीन मम्मदजादा पर 5-0 की शानदार जीत के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

इस तरह भारत ने टूर्नामेंट में छह पदक पक्के कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। इससे पहले दिन में स्नेह (65 किग्रा) पोलैंड की किंगा क्रोव्का से 0-5 से हार गईं और प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।

RELATED ARTICLES

Most Popular