कानपुर लैंबॉर्गिनी कार हादसे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी शिवम मिश्रा अरेस्ट, जानें पूरा मामला
कानपुर, 12 फरवरी। उत्तर प्रदेश के कानपुर में लैंबॉर्गिनी कार से हुए सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। वह शहर के कारोबारी केके मिश्रा का बेटा है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ है कि दुर्घटना के समय कार शिवम ही चला रहा था। कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, शुरुआती एफआईआर में शिवम का नाम दर्ज नहीं था, लेकिन जांच में मिले ठोस सबूतों के आधार पर बाद में उसका नाम जोड़ा गया।
उन्होंने बताया कि हादसे से पहले और बाद की गतिविधियों से जुड़े डिजिटल प्रमाण पुलिस के पास मौजूद हैं और इन्हीं के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, शिवम के पिता केके मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उनका बेटा गाड़ी नहीं चला रहा था और वे पुलिस की थ्योरी से सहमत नहीं हैं। इस बीच, शिवम के वकील ने अदालत में जमानत और सरेंडर से जुड़ी याचिका दाखिल की है।
- फुटपाथ पर चढ़ी कार, दो युवक घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार बहुत अधिक नहीं थी, लेकिन अचानक वह अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए, जिनमें से एक टक्कर के बाद करीब 10 फीट दूर जा गिरा। कुछ लोगों ने दावा किया कि ड्राइवर सीट पर बैठे व्यक्ति के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे मिर्गी के दौरे की आशंका जताई गई, हालांकि पुलिस ने इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि कार के साथ आए बाउंसर्स ने भीड़ को हटाने की कोशिश की और धक्का-मुक्की भी की। हादसे के बाद का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें टक्कर का सीधा दृश्य तो नहीं दिखता, लेकिन उसके तुरंत बाद की स्थिति कैद है। वीडियो में कुछ लोग कार से उतरते और आसपास भीड़ जमा होती दिखाई दे रही है।
- पहले भी चर्चा में रहा परिवार
शिवम मिश्रा का परिवार अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर पहले भी सुर्खियों में रहा है। मार्च 2024 में आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान परिवार से जुड़ी जगहों से 100 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की लग्जरी कारें बरामद की गई थीं। इनमें रोल्स रॉयस, लैंबॉर्गिनी, फरारी और मैकलॉरेन जैसी महंगी गाड़ियां शामिल थीं। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी साक्ष्य एकत्र कर चार्जशीट तैयार करने में जुटी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
