पीएम मोदी ने भारत के 6G विजन डॉक्यूमेंट का किया अनावरण, कहा – देश में स्थापित किए जाएंगे 100 5G लैब

नई दिल्ली, 22 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यहां अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) के क्षेत्र कार्यालय एवं नवाचार केंद्र का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने भारत के 6G विजन डॉक्यूमेंट का अनावरण भी किया।

पीएम मोदी ने इस अवसप पर अपने संबोधन में कहा कि आज ITU के एरिया ऑफिस, इंनोवेशन सेंटर और साथ ही भारत के 6G टेस्टबेड प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया गया है। यह डिजिटल रूप से लाभकारी साबित होगा और इसके माध्यम से इंनोवेशन के नए अवसर बनेंगे।

उन्होंने कहा कि भारत के लिए, दूरसंचार प्रौद्योगिकी केवल शक्ति का एक तरीका नहीं है, बल्कि सशक्त बनाने का एक मिशन है… भारत ने 120 दिनों के भीतर 125 से अधिक शहरों में 5जी कनेक्शन शुरू किए। भारत आने वाले वर्षों में 100 5G लैब स्थापित करेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया में सबसे अधिक संपर्क सुविधा वाला लोकतंत्र है। आज भारत में डिजिटल प्रौद्योगिकी सार्वभौमिक है और उस तक हर किसी की पहुंच है। जनधन, आधार और मोबाइल की संयुक्त ताकत दुनिया के लिए एक केस स्टडी है।

‘भारत आज 100 करोड़ मोबाइल फोन के साथ मोस्ट कनेक्टेड डेमोक्रेसी ऑफ द वर्ल्ड‘

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आज भारत 100 करोड़ मोबाइल फोन के साथ मोस्ट कनेक्टेड डेमोक्रेसी ऑफ द वर्ल्ड है। भारत में हर महीने 800 करोड़ से अधिक UPI आधारित डिजिटल पेमेंट होते हैं। आज भारत में हर दिन 7 करोड़ ई-ऑथेनटिफिकेशन होते हैं। इंटरनेट उपयोगकर्ता 2014 में 25 करोड़ थे, जो अब बढ़कर 85 करोड़ हो गए। इनमें शहरी उपयोगर्ताओं की तुलना में ग्रामीण उपयोगकर्ताओं की संख्या ज्यादा है।

कार्यक्रम में संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कुछ साल पहले, एक टेलीकॉम टावर के लिए परमिट में 220 दिन लगते थे, लेकिन अब इसमें सिर्फ सात दिन लगते हैं। भारत का 5G रोलआउट दुनिया में तेज है, 1,15,000 साइटें 5जी सिग्नल दे रही हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular