1. Home
  2. देश-विदेश
  3. उत्तर प्रदेश : पीएम मोदी करेंगे राजा महेन्द्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का शिलान्यास
उत्तर प्रदेश : पीएम मोदी करेंगे राजा महेन्द्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का शिलान्यास

उत्तर प्रदेश : पीएम मोदी करेंगे राजा महेन्द्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का शिलान्यास

0
Social Share

नई दिल्ली 13 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री शिलान्यास के बाद लोगों को संबोधित भी करेंगे। वह उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारे के अलीगढ़ नोड तथा राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के मॉडलों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे।

यह विश्वविद्यालय महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद् और सामाजिक सुधारक राजा महेन्द्र प्रताप सिंह के सम्मान में स्थापित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की स्थापना अलीगढ़ की कोल तहसील के गांव लोधा और गांव मूसेपुर करीम जरौली में 92 एकड़ से अधिक क्षेत्र पर की जा रही है। अलीगढ़ प्रखंड के 395 कॉलेज इस विश्वविद्यालय से सम्बद्ध होंगे।

उत्तर प्रदेश में रक्षा औद्योगिक गलियारे की स्थापना की घोषणा प्रधानमंत्री ने 21 फरवरी, 2018 को लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश निवेशक सम्मेलन का उद्घाटन करने के दौरान की थी। रक्षा औद्योगिक गलियारे के छह नोड–अलीगढ़, आगरा, कानपुर, चित्रकूट, झांसी और लखनऊ की योजना बनाई गई है। अलीगढ़-नोड के सिलसिले में भूमि आवंटन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और 19 फर्मों को जमीन आवंटित कर दी गई है, जो इसके विकास के लिये 1245 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी।

उत्तर प्रदेश के रक्षा औद्योगिक गलियारे से देश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहेंगे।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code