पीएम मोदी ने सऊदी क्राउन प्रिंस और बहरीन किंग से बात की, दोनों देशों पर हुए हमलों की निंदा की
नई दिल्ली, 2 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बहरीन के किंग हमद बिन ईसा अल खलीफा और सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से टेलीफोन पर अलग-अलग बातचीत की। पीएम ने दोनों देशों पर हाल ही में हुए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की और कहा कि भारत हिंसा के किसी भी रूप का विरोध करता है। उन्होंने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
Discussed the evolving situation in West Asia with Crown Prince and PM of Saudi Arabia, HRH Prince Mohammed bin Salman. India condemns the recent attacks on Saudi Arabia in violation of its sovereignty and territorial integrity. We agreed that earliest restoration of regional…
— Narendra Modi (@narendramodi) March 2, 2026
पीएम मोदी ने बातचीत के दौरान बहरीन और सऊदी अरब में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा के बारे में भी जानकारी ली। दोनों नेताओं ने भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया।
Had a productive telephone conversation with the King of Bahrain, His Majesty King Hamad Bin Isa Al Khalifa. India condemns the attacks on Bahrain and stands in solidarity with its people in this difficult hour. I thank him for the steadfast support extended to the Indian…
— Narendra Modi (@narendramodi) March 2, 2026
इससे पहले पीएम मोदी ने रविवार देर रात संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से फोन पर बातचीत की और खाड़ी देश पर हुए हालिया हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने इस कठिन समय में यूएई के साथ भारत की एकजुटता भी व्यक्त की।
पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था, ‘मैंने यूएई के राष्ट्रपति और मेरे भाई शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की। मैंने यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और इन हमलों में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया। इन कठिन समय में भारत यूएई के साथ एकजुटता से खड़ा है।’
उन्होंने यूएई में रह रहे बड़े भारतीय समुदाय की देखभाल के लिए वहां के नेतृत्व का आभार भी जताया था। पीएम मोदी ने कहा, ‘यूएई में रहने वाले भारतीय समुदाय का ख्याल रखने के लिए उनका धन्यवाद किया। हम तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं।’
भारत और यूएई के बीच मजबूत रणनीतिक और आर्थिक संबंध हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, आतंकवाद-रोधी सहयोग और प्रवासी भारतीयों से जुड़े मुद्दों पर घनिष्ठ साझेदारी है। यूएई दुनिया के सबसे बड़े भारतीय प्रवासी समुदायों में से एक का घर है, जो दोनों देशों के बीच लोगों से लोगों के रिश्तों को मजबूत करता है।
